वैभव सूर्यवंशी के अलावा पूरा परिवार रहा मौजूद, समस्तीपुर के छट घाट पर मां आरती ने दिया अर्घ्य
भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के घर ताजपुर में Chhath Puja 2026 धूमधाम से मनाया गया, जिसमें उनकी ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी की मां और पूरा परिवार। फोटो जागरण
HighLights
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के घर छठ पर्व की धूम।
मां आरती कुमारी ने पूरे विधि-विधान से छठ व्रत किया।
समस्तीपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच छठ पर्व संपन्न।
संवाद सूत्र, ताजपुर। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के घर भी लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम रही। समस्तीपुर जिले के ताजपुर स्थित उनके आवास पर छठी मइया की आराधना के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखा।
वैभव की मां आरती कुमारी ने पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ छठ व्रत किया। परिवार के सभी सदस्यों ने पूजा की तैयारियों से लेकर पारंपरिक अनुष्ठानों तक में भाग लिया।
ताजपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-16 स्थित मोतीपुर पांडे पोखर में छठ को लेकर विशेष रौनक रही। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी, चाचा राजीव सूर्यवंशी और भाई उज्जवल सूर्यवंशी तथा आशीर्वाद सूर्यवंशी भी पर्व में शामिल हुए।
घर से घाट तक पारंपरिक गीतों और पूजा की तैयारियों के बीच भक्तिमय माहौल बना रहा। इस संबंध में पूछे जाने पर कि क्या पुत्र की और सफलता की कामना भी की गई। उन्होंने कहा यह तो स्वभाविक ही है। वैसे पूरे परिवार, समाज और देशवासियों की मंगलकामना भी की गई है।
खानपुर में कड़ी चौकसी के बीच छठ पर्व संपन्न
खानपुर प्रखंड में प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विभिन्न पंचायतों में व्रतियों ने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
बूढ़ी गंडक नदी के संगम, नत्थुद्वार, शोभन, भोरे, बछौली और शिवैसिंहपुर समेत विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालु जुटे। पोखर, तालाबों और सार्वजनिक घाटों पर भी अच्छी भीड़ रही।
कई व्रतियों ने अपने घरों के दरवाजे पर अस्थायी तालाब बनाकर सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।
पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। बीडीओ विजय कुमार चंद्रा, सीओ प्रिया आर्याणी, थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न घाटों का जायजा लेते रहे।
प्रशासनिक टीम ने श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी। विधायक मंजरीक मृणाल ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्रतियों से मुलाकात की और उन्हें छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ पर्व संपन्न
सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। पर्व के अंतिम दिन सुबह व्रतियों ने विभिन्न पोखरों, तालाबों और जलाशयों में पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ। व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की मंगलकामना की।
इस दौरान छठ घाटों पर पारंपरिक गीतों की गूंज और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पर्व को लेकर विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।
यह भी पढ़ें- बिहार में छठ पर मिटी भारत-नेपाल की सरहदें, दोनों देशों के व्रतियों ने एक ही नदी में की पूजा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।