विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में छठ पर मिटी भारत-नेपाल की सरहदें, दोनों देशों के व्रतियों ने एक ही नदी में की पूजा

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:14 PM (GMT+05:30)

भारत और नेपाल की सीमा पर बहने वाली मेची नदी पर छठ महापर्व का समापन हुआ, जहां दोनों देशों के श्रद्धालुओं ने एक साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया।

मेची नदी पर व्रती। फोटो जागरण

मेची नदी पर व्रती। फोटो जागरण

HighLights

  1. भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं ने मेची नदी पर अर्घ्य दिया।

  2. छठ महापर्व का समापन साझा आस्था के साथ हुआ।

  3. यह आयोजन दोनों देशों के भाईचारे का प्रतीक बना।

संवाद सूत्र, गलगलिया (किशनगंज)। भारत और नेपाल की साझा सीमा पर बहने वाली मेची नदी सोमवार की सुबह आस्था और भाईचारे की अनूठी गवाह बनी।

नदी के दोनों तटों पर भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं ने एक साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन किया।

गलगलिया सहित नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु मेची नदी के घाटों पर पहुंचे। दोनों देशों के लोगों ने एक ही नदी के तट पर छठी मइया की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सुबह से ही मेची नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और हाथों में फलों से भरे सूप लेकर पहुंचे व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से नदी का दोनों तट भक्तिमय हो उठा। 36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन साधना पूरी होने पर व्रतियों के चेहरे पर संतोष और श्रद्धा का भाव दिखाई दिया।

इससे पूर्व रविवार की शाम भी मेची नदी के तट पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला था। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भारत और नेपाल दोनों देशों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे थे। दोनों ओर के व्रतियों ने एक साथ डूबते सूर्य की आराधना की।

सरहद अलग, लेकिन आस्था और परंपरा एक

गलगलिया और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के बीच बहने वाली मेची नदी पर छठ महापर्व का आयोजन दोनों देशों के सदियों पुराने सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है।

यहां न देश की सीमा आस्था के आड़े आती है और न ही भाषा का अंतर। दोनों देशों के श्रद्धालु एक-दूसरे के साथ मिलकर पर्व मनाते हैं।

मेची नदी के दोनों तटों पर छठ के इस आयोजन ने साबित कर दिया कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं।

साझा संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है। सचमुच, मेची के तट पर सरहद छोटी और भाईचारे का रिश्ता बड़ा नजर आया।

यह भी पढ़ें- बिहार के बड़े शहरों में सस्ते घर का सपना होगा साकार, आवास बोर्ड ने आम आदमी के लिए बनाया नया प्लान

यह भी पढ़ें- बिहार में छठ घाट पर पटाखे फोड़ने पर बवाल, नदी के पानी में 20 मिनट तक चला खूनी संघर्ष; 6 से अधिक घायल  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।