बिहार में छठ घाट पर पटाखे फोड़ने पर बवाल, नदी के पानी में 20 मिनट तक चला खूनी संघर्ष; 6 से अधिक घायल
गौनाहा के मसही गांव में पंडई नदी के छठ घाट पर पटाखे फोड़ने को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

पंडई नदी में बवाल। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
छठ घाट पर पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
दो गांवों के लोगों के बीच जमकर मारपीट की घटना हुई।
आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
संवाद सूत्र, गौनाहा। गौनाहा थाना क्षेत्र के मसही गांव स्थित पंडई नदी के छठ घाट पर अर्घ्य के दौरान पटाखे फोड़ने के विवाद में दो गांवों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। नदी के पानी में करीब 20 मिनट तक अफरातफरी मची रही।
इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। हालाकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता।
गंभीर रूप से घायल पकड़ी बिसौली टोला निवासी प्रमोद साह और भीखू साह को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का भी इलाज कराया गया है।
बताया जाता है कि छठ व्रती पंडई नदी के घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे रहे थे। इसी दौरान मसही गांव के कुछ बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे।
पटाखे की चिंगारी और आवाज पकड़ी बिसौली टोला के व्रतियों के बीच पहुंचने पर वहां के लोगों ने बच्चों को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों गांवों के कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट में पकड़ी बिसौली टोला निवासी भीखू साह, प्रमोद साह, गंभीर साह और मंटू साह सहित कई लोग घायल हो गए।
वहीं मसही गांव के भिखारी चौधरी, सुजीत चौधरी और मनीष चौधरी सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। इसमें प्रमोद साह का सिर फटने के बाद वह बेहोश होकर नदी के पानी में गिर गया।
ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। घायलों को पहले नरकटियागंज और फिर बेतिया अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए प्रमोद साह और भीखू साह को पटना रेफर कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रमोद साह की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। उसके इलाज के लिए ग्रामीणों ने आपस में चंदा कर 60 हजार रुपये भी जुटाए हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि छठ घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ग्रामीणों के अनुसार घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
यदि अर्घ्य के समय पुलिस बल की तैनाती रहती, तो घटना को रोका जा सकता था। बताया जाता है कि पंडई नदी के इसी छठ घाट पर बलुआ, मसही, पकड़ी और बिसौली टोला के श्रद्धालु अर्घ्य देते हैं।
थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि छठ घाट पर मारपीट की घटना हुई है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जमुई : छठ महापर्व पर भक्ति के रंग में रंगा नरियाना व पूर्णा खैरा , परसा घाट पर बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती