जमुई : छठ महापर्व पर भक्ति के रंग में रंगा नरियाना व पूर्णा खैरा , परसा घाट पर बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती
Jamui Khaira Parsa Chhath Puja Ganga Aarti Banaras Pandits: जमुई के खैरा प्रखंड में छठ महापर्व को लेकर भक्ति और ...और पढ़ें
HighLights
खैरा प्रखंड में छठ महापर्व पर भक्ति और उत्साह।
घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, रोशनी से जगमगाया।
परसा घाट पर बनारस के पंडितों ने की गंगा आरती।
संवाद सूत्र, खैरा (जमुई)। Jamui Khaira Parsa Chhath Puja Ganga Aarti Banaras Pandits: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमुई जिले के खैरा प्रखंड के विभिन्न गांवों में चारों ओर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। प्रखंड के तमाम छठ घाटों को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कई स्थानों पर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की प्रतिमाएं स्थापित कर भव्य पंडालों का निर्माण किया गया है, वहीं रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और साउंड सिस्टम से घाटों की रौनक देखते ही बन रही है।
झुमकिया बल्बों से जगमगाया खैरा बाजार, नरियाना से हरनी तक सजे घाट
प्रखंड के नरियाना, पूर्णा खैरा, हरनी और परसा सहित विभिन्न गांवों में स्थानीय समितियों व ग्रामीणों के सहयोग से छठ घाटों को भव्य रूप दिया गया है। दूसरी ओर, पूरा खैरा बाजार भी झिलमिलाती रोशनी से जगमगा उठा है। पूरे बाजार क्षेत्र में की गई झुमकिया बल्बों की आकर्षक सजावट लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

परसा छठ घाट पर बनारस के विद्वान पंडितों ने कराई भव्य गंगा आरती
इसी क्रम में परसा गांव स्थित छठ घाट पर रविवार की रात प्रथम अर्घ्य की संध्या में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। संध्या अर्घ्य के दौरान डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के पश्चात बनारस से पहुंचे विद्वान पंडितों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती संपन्न कराई, जिससे पूरा घाट परिसर काशी जैसी आध्यात्मिक छटा से सराबोर हो गया। दूसरे दिन उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही इस गंगा आरती कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजकों की सक्रियता व छठ गीतों से भक्तिमय रहा माहौल
परसा छठ घाट पर आयोजित इस भव्य गंगा आरती के सफल संचालन में विनोद सिंह, गुड्डन सिंह, संजीव सिंह, अंजनी सिंह एवं दिनकर सिंह की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और अटूट आस्था देखने को मिली। खैरा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों व श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।