विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के खरना प्रसाद से गायब हुई गिद्धौरिया गुड़ की सोंधी महक; कभी कोल्हू की घर्र-घर्र के बीच गन्ने के रस से होती थी सुबह

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:15 AM (IST)

Jamui Giddhauria Gud Sugarcane Farming Chhath Kharna Prasad: जमुई में कभी छठ के खरना प्रसाद की शान रहा गिद्धौरिया गुड़ ...और पढ़ें

Jamui Giddhauria Gud Sugarcane Farming Chhath Kharna Prasad: छठ पर भागलपुर-लखीसराय से मंगवाया गन्ना

Jamui Giddhauria Gud Sugarcane Farming Chhath Kharna Prasad: छठ पर भागलपुर-लखीसराय से मंगवाया गन्ना

HighLights

  1. गिद्धौरिया गुड़ की जगह अब बाहरी गुड़ का उपयोग।

  2. जमुई में गन्ने की खेती 70 हजार एकड़ से घटी।

  3. मजदूरों की कमी, बढ़ती मजदूरी से खेती का पतन।

जागरण संवाददाता, जमुई। Jamui Giddhauria Gud Sugarcane Farming Chhath Kharna Prasad: छठ के खरना प्रसाद और ठेकुआ में कभी 'गिद्धौरिया गुड़' की सोंधी महक रची-बसी रहती थी। स्थानीय गुड़ से बनी खीर और पारंपरिक पकवानों का स्वाद ही कुछ अलग होता था।

लेकिन आज स्थिति यह है कि खरना के प्रसाद से लेकर घरों के पकवानों तक में बाजार के बाहरी गुड़ पर निर्भरता बढ़ गई है। जिस गिद्धौरिया गुड़ की सौगात रिश्तेदारों के घर भेजी जाती थी, उसकी मिठास अब केवल यादों में रह गई है।

यह बदलाव महज खानपान का नहीं, बल्कि जमुई की खेती और ग्रामीण जीवनशैली में आए बड़े परिवर्तन का संकेत है। यही वजह है कि इस बार छठ में भागलपुर और लखीसराय से गन्ने मंगाए गए हैं, जबकि गुड़ की आपूर्ति उत्तर प्रदेश से हो रही है।

70 हजार एकड़ में लहलहाती थी ईख

एक दौर था जब जमुई जिले में 65 से 70 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर गन्ने की खेती होती थी। प्रगतिशील किसान विपिन मंडल बताते हैं कि उस समय कुल कृषि रकबे के लगभग आधे हिस्से में ईख की खेती होती थी। नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह से गन्ने की पेराई शुरू हो जाती थी।

कोल्हू की घर्र-घर्र व गन्ने के रस से होती थी सुबह

बैलों से चलने वाले कोल्हू की घर्र-घर्र के बीच पेराई से निकला ताजा रस ग्रामीणों के लिए सुबह के नाश्ते का खास हिस्सा बन जाता था। यह सिलसिला नवंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर मार्च तक चलता था। गन्ने का रस पीने के लिए गांव के लोगों से लेकर रिश्तेदारों तक को आमंत्रित किया जाता था। कोल्हू के आसपास जुटने वाले लोगों के बीच आपसी मेलजोल और अपनापन भी इस परंपरा का अभिन्न हिस्सा था।

Giddhauria Jaggery Fades from Jamui Chhath Prasad A Decline (1)

गन्ने के साथ रिश्तों में भी घुलती थी मिठास, अब गांवों में पसरा सन्नाटा

गन्ना केवल खेतों की फसल नहीं था, बल्कि ग्रामीण सामाजिक जीवन की धुरी था। घरों में तैयार शुद्ध गुड़ रिश्तेदारों को सौगात के रूप में भेजा जाता था। पर्व-त्योहार और खासकर छठ के खरना प्रसाद में स्थानीय गुड़ की विशेष मांग रहती थी। अपनी सोंधी महक और स्वाद के कारण गिद्धौरिया गुड़ की अलग पहचान थी। लेकिन अब न खेतों में पहले जैसी ईख दिखाई देती है और न ही गांवों में बैलों से चलने वाले कोल्हू की आवाज सुनाई देती है।

मजदूरों की कमी और बढ़ी मजदूरी ने निगल ली गन्ने की मिठास

इस साल महज पांच कट्ठा में गन्ने की खेती करने वाले गादी-बुकार के किसान धनंजय सिंह कहते हैं कि ईख की खेती का दायरा घटने के पीछे मजदूरों की अनुपलब्धता और बढ़ी मजदूरी सबसे बड़ी वजह है। रोपाई से लेकर कटाई और पेराई तक अधिक श्रम की जरूरत पड़ती है।

मजदूरी लागत बढ़ने और अपेक्षित लाभ नहीं मिलने से किसानों ने धीरे-धीरे ईख की खेती से मुंह मोड़ लिया। उन्होंने बताया कि पिछले साल उन्होंने 10 कट्ठा में खेती की थी, जिसे इस साल घटाकर पांच कट्ठा कर दिया। घर में बच्चों के खाने-पीने के बाद जो बचता है, उसे छठ के मौके पर व्यापारी के हाथों बेच देते हैं।

हाथी का दांत बनकर रह गया खैरमा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय

जिले में ईख की खेती को बढ़ावा देने के लिए खैरमा में क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया, लेकिन यह कार्यालय गन्ने की खेती को पुनर्जीवन देने में पूरी तरह विफल रहा। आज इसकी उपयोगिता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कभी जिले की कृषि अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही ईख की खेती लगभग समाप्ति की कगार पर पहुंच गई है, लेकिन इसे फिर से खड़ा करने के लिए धरातल पर कोई प्रभावी पहल नहीं दिखी। नतीजा यह है कि गिद्धौरिया गुड़ की पहचान, कोल्हू की घर्र-घर्र और सुबह-सुबह गन्ने का रस पीने की ग्रामीण परंपरा अब अतीत की कहानी बन गई है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में 1500 रुपये तक बिका केले का घौद, अमरपुर का गन्ना पहुंचा 60 रुपये पीस; छठ की खरीदारी पर महंगाई की मार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।