Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रखंड, अंचल व अनुमंडल में जनता दरबार लगाएं अधिकारी

    By Edited By:
    Updated: Fri, 04 Oct 2013 10:19 PM (IST)

    कार्यालय प्रतिनिधि, छपरा : राज्य सरकार के आदेश के बावजूद जिले के प्रखंड, अंचल तथा अनुमंडल स्तर पर जनता दरबार का आयोजन नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह से जिलाधिकारी के जनता दरबार में फरियादियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और लोगों को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिन को अनुमंडल, प्रखंड तथा अंचल कार्यालयों पर जनता दरबार लगाने का सख्त आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राज्य सरकार ने प्रखंड स्तर से लेकर अनुमंडल, जिला तथा प्रमंडल स्तर पर जनता दरबार लगाने के लिए दिन निर्धारित किया है, लेकिन जिला एवं प्रमंडल को छोड़ कहीं भी जनता दरबार का आयोजन नहीं किया जाता है। जिसकी वजह से लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी अनुमंडल अधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस अधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड विकास अधिकारी तथा सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि सरकार के आदेशानुसार जनता दरबार का आयोजन किया जाए। डीएम ने प्रखंड एवं अंचल स्तर पर प्रत्येक मंगलवार को सुबह दस बजे से एक बजे तक, अनुमंडल स्तर पर प्रत्येक बुधवार को दस बजे से एक बजे तक जनता दरबार लगाने का आदेश दिया है। प्रखंड विकास अधिकारी अपने कार्यालय में प्रखंड के सभी अधिकारियों के साथ जनता दरबार लगायेंगे। वहीं अंचल अधिकारी तथा स्थानीय थाना प्रभारी कभी अंचल कार्यालय पर तो कभी थाना पर जनता दरबार का आयोजन करेंगे। इसी प्रकार डीएम ने अनुमंडल अधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस अधिकारी को अनुमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ जनता दरबार लगाने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने कहा है कि किसी भी स्थिति में कोई भी अधिकारी अपने आवासीय कार्यालय पर जनता दरबार का आयोजन नहीं करेंगे। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सात दिनों के अंदर किया जाएगा और उसकी जानकारी फरियादी को दी जाएगी।

    जनता दरबार के दिन कर्मियों को नहीं मिलेगी छुट्टी

    जिलाधिकारी ने प्रखंड, अंचल तथा अनुमंडल स्तर पर लगने वाले जनता दरबार के दिन कर्मचारियों को छुट्टी देने पर रोक लगा दी है। डीएम ने कहा है कि जनता दरबार के दिन सामान्यत: अधीनस्थ कर्मियों को अवकाश देय नहीं होगा। हालांकि अपरिहार्य परिस्थिति में नियंत्री अधिकारी स्वविवेक से अवकाश स्वीकृत कर सकते हैं।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

    comedy show banner
    comedy show banner