Samastipur News: ताजपुर नगर परिषद में छात्र की गला रेतकर हत्या, शव मिलने के बाद बवाल
Samastipur News रहीमाबाद निवासी मंटू साह का 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार बुधवार से ही अपने घर से लापता था। उसके स्वजन ने जगह-जगह खोल की किंतु कुछ भी जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच गुरुवार की सुबह कुछ लोग शौच के लिए चौर गए तो वहां उन्होंने आयुष का शव देखा। उसकी गर्दन पर किसी धारदार हथियार से प्रहार के निशान मिले हैं।

संवाद सहयोगी, ताजपुर (समस्तीपुर)। बंगरा थाना क्षेत्र के वार्ड 2 के रहीमाबाद निवासी मंटू साह के 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार की गला काटकर हत्या कर दी गई। वह बुधवार से ही अपने घर से लापता था। गुरुवार की सुबह जब कुछ लोग अपने खेत की ओर गए तो उसका शव मिला।
मृत बालक के गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार के निशान मिले हैं। शव मिलने की सूचना पर स्वजन समेत ग्रामीण आक्रोशित हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को शव उठाने में भी ग्रामीणों के आक्रोश को झेलना पड़ा।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि आयुष बुधवार की दोपहर स्कूल से आने के बाद घर के सामने वाले दोस्त के साथ मछली मारने गया था। उसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया। काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
गुरुवार को थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया। इस बीच घटनास्थल की ओर खेत देखने गांव के किसान जा रहे थे तो गड्ढे में उक्त छात्र का शव देखकर शोर मचाया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही बंगरा पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच शव को उठा रही थी। इसका विरोध ग्रामीणों ने किया। आशंका के आधार पर पुलिस ने उसके घर के सामने के घर से उसके दोस्त 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
पुलिस नेउसके घर से खून से सना कपड़ा एवं चाकू बरामद किया। जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण उसके घर में घुस गए और उसकी मां को ईंट व लाठी से पिटाई करने लगे। उसकी मां को बचाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसकी मां को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
स्थिति को बिगड़ता देख बंगरा के अलावा ताजपुर, पूसा, मुसरीघराड़ी, मुफस्सिल, कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस पहुंच कर स्थिति को संभालने में कामयाब हुई। पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों को शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
एफएसएल की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किया। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए आधा दर्जन पुलिस गांव में तैनात है। बंगरा थानाध्यक्ष पंचन कुमार ने बताया कि एक बालक की हत्या हुई है शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज गया है। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।