RPH 2.0: बिहार में गर्भवती महिलाओं को इलाज होगा आसान, एक क्लिक पर मिल जाएगी पूरी जानकारी
समस्तीपुर के सरकारी अस्पतालों में आरपीएच 2.0 पोर्टल का काम तेजी से चल रहा है। इससे गर्भवती महिलाओं को विशेष लाभ होगा क्योंकि उनकी पूरी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। उच्च जोखिम वाली महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह पोर्टल आधार और आभा कार्ड से भी जोड़ा जाएगा।

प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। सरकारी अस्पतालों में आरपीएच (रिप्रोडक्टिव चाइल्ड हेल्थ) 2.0 पोर्टल का काम तेजी से हो रहा है। सेवा देने वाले स्वास्थ्य संस्थानों की मैपिंग हो चुकी है।
अब वहां के कर्मियों की मैपिंग का कार्य चल रहा है। प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस माह के अंत तक सेवा शुरू होने की संभावना है। इस पोर्टल का सबसे अधिक लाभ गर्भवती महिलाओं को होगा।
अगर आशा किसी गर्भवती को अस्पताल लेकर आती है, तो गर्भवती को कौन-कौन सी सुविधाएं मिली, पोर्टल पर उसकी पूरी जानकारी दर्ज होगी।
इतना ही नहीं, यदि कोई गर्भवती हाई रिस्क पर है तो उसकी जानकारी भी यहां रहेगी। ऐसी महिलाओं की पहचान अस्पताल में स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर की जाती है।
इस जानकारी के आधार पर उस पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि प्रसव सुरक्षित हो सके। अगर किसी स्तर पर गर्भवती के साथ लापरवाही होती है तो पोर्टल के माध्यम से इसकी जानकारी भी मिल जाएगी। पोर्टल को आधार और आभा कार्ड से भी जोड़ा जाएगा। आरपीएच 2.0 पोर्टल पर मरीज की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
आनलाइन उपलब्ध होगी पूरी जानकारी
इस पोर्टल पर सामान्य मरीजों का भी पूरा विवरण उपलब्ध होगा। इसका लाभ यह होगा कि यदि समस्तीपुर के किसी सरकारी अस्पताल में कोई मरीज इलाज कराता है और बाद में वही मरीज दिल्ली या किसी अन्य शहर में इलाज करा रहा है तो वहां के डाक्टर इस पोर्टल पर जाकर मरीज की सारी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मरीज को कौन सी बीमारी है? अब तक क्या इलाज हुआ? सब कुछ समझना उनके लिए आसान होगा।
आरपीएच 2.0 पोर्टल का काम तेजी से चल रहा है। इसमें सेवा देने वाले स्वास्थ्य संस्थानों की मैपिंग पूरी कर ली गई है। अब सेवा प्रदाताओं की मैपिंग की जा रही है। आरपीएच 2.0 पोर्टल को कामन पोर्टल के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे मरीज की सभी जानकारी उपलब्ध होगी। -डॉ. एसके चौधरी, सिविल सर्जन, समस्तीपुर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।