खुशखबरी! 315 करोड़ से रोसड़ा, सलौना और पूर्णिया में बनेगा आरओबी, जाम से मिलेगा निजात...आवागमन की बाधा होगी दूर
रोसड़ा समेत अन्य जगहों पर आरओबी बनाने की प्रक्रिया का आगे बढ़ना राहत की खबर है। इसको लेकर वर्षों से मांग की जा रही है। कई बार आंदोलन भी हो चुका है। बावजूद कहीं न कहीं मामल अटक जा रहा था। अब इसके निर्माण के लिए राशि जारी होने तथा टेंडर की प्रक्रिया का शुरू होना राहत की बात है। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। रोसड़ा, सलौना और पूर्णिया में तीन नए आरओबी निर्माण की स्वीकृति रेल मंत्रालय ने दी है। इससे आमजनों को अब आवागमन में सहुलियत होगी। गुमटी की झंझट से लोगों को निजात मिलेगी। रेलवे इसके निर्माण पर 315 करोड़ रूपये खर्च करेगी।
इसमें एसएच 55 पर रूसेरा घाट रेलवे स्टेशन के समीप लेवल क्रासिंग संख्या 17, सलौना रेलवे स्टेशन के समीप किमी 24/5-6 पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 6बी और पूर्णिया कोर्ट एवं पूर्णिया रेलवे स्टेशन के मध्य किमी 2/7-8 पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 3 के स्थान पर आरओबी बनाए जाएंगे।
बताया गया कि रोसड़ा में आरओबी निर्माण पर जहां 103.42 करोड़ की लागत आएगी। वहीं पूर्णिया में 109.75 करोड़ और सलौना में 101.81 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। मंत्रालय से स्वीकृति मिलने बाद में मंडल प्रशासन अब इसके निविदा जारी करने की प्रक्रिया में जुटा है।
बताया गया कि जल्द ही तीनों जगह के लिए निविदा आमंत्रित किए जाएंगे। वहीं इन जगहों पर आरओबी निर्माण होने से लोगों को गुमटी की समस्या से निजात मिलेगा। गुमटी बंद होने के दौरान लोगों को अभी इंतजार करना पड़ता है। जबकि, कई बार परिचालन में भी देरी होती है। आरओबी बन जाने से आवागमन के साथ ही परिचालन भी सुलभ होगा।
गांधी चौक की बदल जाएगी सूरत
रोसड़ा में एसएच 55 के गांधी चौक पर आरओबी निर्माण होने से इसकी सूरत बदल जाएगी। इससे यहां लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी। वर्षों से यहां जाम और भीड़भाड़ की समस्या झेलनी पड़ती थी। बेगूसराय के मंझौल अनुमंडल से रोसड़ा को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पर इसका निर्माण होगा।
वर्तमान समय में यहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन गुमटी बंद होने से अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या से न स्थानीय लोग परेशान रहते है। आरओबी निर्माण के बाद जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा। वाहनों की आवागमन आसान होगी। चौक की सूरत निखरेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पुल के बनने से रोसड़ा शहर को नई पहचान मिलेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।