मृतक लोको पायलट के परिजनों से मिले मुकेश सहनी: हर संभव मदद का दिया आश्वासन, बोले- अपराधियों का मनोबल बढ़ा
पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने मोरवा के गुणाई बसही में लोको पायलट प्रमोद कापर के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मोरवा। पूर्व मंत्री सह विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी मोरवा प्रखंड क्षेत्र के गुणाई बसही पंचायत में बुधवार को लोको पायलट हत्याकांड में स्वजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और मामले में वरीय अधिकारियों से बात कर उचित कार्रवाई कराने की बात कही।
मृतक के वृद्ध पिता राजेंद्र कापर एवं भाई मनोज कुमार कापर से बातचीत कर उन्होंने घटना की जानकारी ली। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही हत्याएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और पुलिस अपराध पर नियंत्रण में विफल नजर आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि दोषी बचें नहीं और निर्दोष फंसें नहीं। इधर, दरभंगा क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर मृतक की पत्नी गीतांजलि कुमारी, परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि ताजपुर थाना क्षेत्र के गुणाई बसही निवासी राजेंद्र कापर के पुत्र लोको पायलट प्रमोद कापर की 3 अप्रैल की सुबह ताजपुर-हलई मुख्य मार्ग स्थित दरजीनिया पुल के समीप अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया था।
घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। बताया जाता है कि मृतक का जमीन विवाद भी चल रहा था, वहीं पूर्व में हुए गणेश सहनी हत्याकांड से भी इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
