Samastipur News: औद्योगिक इकाइयों का होगा विकास, रोजगार से आएगी समृद्धि
Samastipur News समस्तीपुर जिले के मोरवा और ताजपुर प्रखंडों में 629 एकड़ भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार होगा। जिला उद्योग केंद्र ने जमीन की तलाश पूरी कर ली है जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वर्तमान में जिले में केवल 47 एकड़ भूमि ही औद्योगिक क्षेत्र के लिए उपलब्ध है इसलिए यह विस्तार महत्वपूर्ण है।

मनीष कुमार, समस्तीपुर। जिले में औद्योगिक परिक्षेत्र के विकास की तैयारी है। इसके लिए सकरात्मक कदम उठाए गए हैं। जिला उद्योग केंद्र ने जिले के दो प्रखंडों में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए जमीन की तलाश भी पूरी कर ली है।
मोरवा और ताजपुर प्रखंड में इस काम के लिए भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मोरवा प्रखंड में 223 एकड़ तो ताजपुर में 406 एकड़ भूमि पर नये औद्योगिक परिक्षेत्र के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया गया है। यह भूमि निजी है। प्रस्ताव की स्वीकृति मिलते ही इस भूमि का अधिग्रहण होगा और मुआवजे की राशि भी किसानों को मिलेगी।
जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर भी प्रदान करेगा। घर में रोजगार की उम्मीद जगेगी और समृद्धि आएगी। वर्तमान में जिले में मात्र 47 एकड़ भूमि ही औद्योगिक क्षेत्र के लिए उपलब्ध है जो बढ़ती जरूरतों के मुकाबले बेहद कम है। इसी को देखते हुए जिला उद्योग केंद्र ने 629 एकड़ भूमि पर नये औद्योगिक क्षेत्र के विकास की योजना बनाई है। हाल ही में विभागीय अधिकारियों ने इन प्रखंडों का दौरा कर स्थलों का निरीक्षण किया था।
नया औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले के आर्थिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव आएगा। यहां स्थापित होने वाले उद्योगों से स्थानीय किसानों और व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों के लिए यह क्षेत्र उपयुक्त माना जा रहा है।
मोरवा प्रखंड में कृषि आधारित उद्योगों के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने की उम्मीद है। वहीं, ताजपुर प्रखंड, जहां पहले से ही कई छोटे उद्योग संचालित हैं, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए उपयुक्त है। ताजपुर के गौसपुर सरसौना में पहले से ही सीमेंट कारखाना संचालित है जो जिले की औद्योगिक छवि को और मजबूत करता है।
समस्तीपुर जिला पहले से ही कृषि और जूट उद्योग के लिए जाना जाता है। रामेश्वर जूट मिल और चीनी मिलें यहां के प्रमुख उद्योग हैं। यह सैकड़ों लोगों को रोजगार प्रदान करती हैं। इसके अलावा, हसनपुर में एथनाल कारखाना, राइस मिल, सोयाबीन प्रोसेसिंग प्लांट और पापड़-चिप्स निर्माण जैसे बड़े उद्योग जिले की औद्योगिक प्रगति को दर्शाते हैं।
मोरवा और ताजपुर प्रखंड की 629 एकड़ भूमि पर नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इससे समस्तीपुर न केवल औद्योगिक हब बनेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे भी खुलेंगे।
विवेक कुमार, महाप्रबंधक उद्योग, विभाग समस्तीपुर
औद्योगीकरण का विस्तार हो रहा है, यह बहुत बड़ी बात है। इससे छोटे-बड़े कई कल-कारखाने खुलेंगे। आने वाले समय में इससे बेरोजगारी दूरी होगी। प्रवासन रुकेगा और युवा पीढ़ी इससे काफी प्रभावित होगी।
प्रो. विजय कुमार गुप्ता, अर्थशास्त्री, महिला महाविद्यालय
अभी तो उद्योग क्षेत्र बहुत कम है। जिले में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से रोजगार का विकास होगा। जो युवा नौकरी की चाह में बाहर जाते हैं, उन्हें अपने घर में ही काम मिलेगा। जिले की आर्थिकी मजबूत होगी।
अनुपम कुमार झा, छात्र
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।