Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'रेलवे की नई परियोजनाओं की जल्द मिलेगी मंजूरी', समस्तीपुर में बोले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव

    Updated: Tue, 08 Jul 2025 04:25 PM (IST)

    केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार प्रगति कर रहा है और माल ढुलाई में हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य है। उन्होंने समस्तीपुर में रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और बिहार में नई रेल परियोजनाओं को शुरू करने की घोषणा की।

    Hero Image
    समस्तीपुर मंडल के नव निर्मित कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते रेल मंत्री व अन्य

    जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। माल यातायात में रेलवे की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से बढ़कर 29 प्रतिशत हो गई है और अब इसे 35 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। बीते 11 वर्षों में भारतीय रेलवे में 35,000 किलोमीटर से अधिक नए रेल ट्रैक का निर्माण किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि अब रेल ओवरब्रिज का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा ही किया जाएगा। रेल मंत्री सोमवार को यहां पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेलवे में भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसे और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में काम हो रहा है।

    रेल मंत्री ने सबसे पहले कर्पूरीग्राम स्टेशन पहुंचकर दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कर्पूरीग्राम से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल मंत्री समस्तीपुर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों से बातचीत कर फीडबैक लिया। इसके पूर्व रेलमंत्री गोकुल कर्पूरी फुलेश्वरी महाविद्यालय भी गए। वहां उन्होंने जननायक की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

    इसके बाद उन्होंने समस्तीपुर मंडल के उन्नत कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और ट्रेनों के संरक्षित एवं सुचारू परिचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रेल मंडल कार्यालय स्थित सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समय-सीमा के अंदर कार्य पूरा करने पर बल दिया गया।

    उन्होंने निर्देश दिया कि सघन आबादी वाले क्षेत्रों में जहां रेल ओवरब्रिज बनाना संभव नहीं है, वहां लाइट आरओबी का निर्माण कराया जाए। बताया कि समस्तीपुर मंडल में वर्तमान में 1265 कोचों का रख-रखाव किया जा रहा है। प्रत्येक कोच में छह कैमरे और प्रत्येक इंजन में आठ कैमरे लगाए जाने की योजना है। जिसके लिए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

    कंटेनर सेवा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने आवश्यकतानुसार कंटेनर डिपो के निर्माण की भी बात कही। उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे को भारतीय रेलवे का पहला ऐसा जोन बनाने का निर्देश दिया जो शत-प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से युक्त हो। बिहार के लिए जल्द ही कुछ नई रेल परियोजनाएं स्वीकृत की जाएंगी।

    रेल मंत्री ने कहा कि बिहार में दो नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) का उद्घाटन शीघ्र किया जाएगा। इसमें एक पाटलिपुत्र में 53 करोड़ की लागत से तथा दूसरा दरभंगा में 10 करोड़ की लागत से निर्मित है।

    मौके पर समस्तीपुर के सांसद शांभवी, दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर, महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, पूर्व सांसद अश्वमेध देवी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, डीआरएम विनय श्रीवास्तव, सोनपुर डीआरएम विवेक भूषण सूद, सीपीआरओ सरस्वती चंद, एडीआरएम आलोक झा, आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार सहित समस्तीपुर एवं सोनपुर रेल मंडल के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।