Bibhutipur vidhan sabha Seat 2025: चुनाव के समय जो वादे किए वे सपने ही रहे, समस्याएं फिर दहलीज पर
Bibhutipur Assembly Seat 2025 विगत विधानसभा चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार मुक्त विभूतिपुर का वादा किया गया था। यह एजेंडे में सबसे ऊपर था किंतु यह आज भी सपने जैसा ही है। सिंघियाघाट रेलवे गुमटी पर जाम की समस्या भी वैसा ही है। यहां हर रोज लोग इससे जूझते हैं।

विनय भूषण, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Bibhutipur vidhan sabha Seat 2025 / Bibhutipur Assembly Seat 2025: विभूतिपुर प्रखंड की 29 और दलसिंहसराय की छह समेत कुल 35 पंचायतों से मिलकर विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र बना है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' की ससुराल टभका इसी क्षेत्र में है।
वर्ष 1967 में बने विधानसभा क्षेत्र से पहली बार भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी से परमानंद सिंह मदन विधायक बने थे। वर्ष 1969 में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से गंगा प्रसाद श्रीवास्तव और 1972 व 77 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से बंधू महतो विधायक बने।
वर्ष 1980 में माकपा के रामदेव वर्मा विधायक बने तो वर्ष 1985 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से चंद्रबली ठाकुर। वर्ष 1990 से लगातार माकपा के रामदेव वर्मा विधायक रहे। वर्ष 2010 व 2015 में जदयू के रामबालक सिंह विधायक रहे। वर्ष 2020 में माकपा के अजय कुमार विधायक चुने गए।
विधायक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पुल-पुलिया, सड़क समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्यों का दावा करते हैं, लेकिन तस्वीर थोड़ी अलग है। विगत चुनाव के बड़े एजेंडे में शामिल भ्रष्टाचार मुक्त विभूतिपुर आज भी सपना है। सिंघियाघाट और नरहन में मोक्षधाम बनवाने और यहां से पटना के लिए सरकारी बस सेवा बहाल नहीं हो सकी। सिंघियाघाट रेलवे गुमटी पर जाम की समस्या आज भी मुख्य मुद्दों में शामिल है।
वादे जो पूरे नहीं हुए
- विभूतिपुर के पुराने और नए पुस्तकालयों में पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई जा सकीं।
- कई सड़कों पर जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिली।
- किसानों को तय दर पर समय से खाद उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।
- कई छोटी सड़कें गड्ढे में तब्दील हैं, इनको बनवाया नहीं जा सका।
- साइंस और टेक्नोलाजी को बढ़ावा देने की दिशा में आवश्यक पहल नहीं हो सकी।
क्षेत्र में कराए गए विकास कार्य
- कृषि फीडर की शुरुआत विभूतिपुर से हुई।
- भवन देकर नवसृजित विद्यालयों को मर्ज होने से बचाया गया।
- सिंचाई विभाग के पेच में फंसी नरहन-कर्रख बांध सड़क को पास करवाया गया।
- दलसिंहसराय स्थानांतरित की गई रजिस्ट्री आफिस रोसड़ा को दोबारा राज्यपाल गजट के उपरांत नियमित करवाया गया।
- साखमोहन में 720 बेड के कक्षा एक से प्लस टू तक का आंबेडकर आवासीय विद्यालय बना।
- भुसवर में आंबेडकर छात्रावास का निर्माण।
- पीसीसी सड़कों का जाल बिछाया।
- टभका और महथी में पुस्तकालय भवनों का नवनिर्माण और सिंघियाघाट व दामोदरपुर में पुस्तकालय का संचालन।
- सामुदायिक भवनों का निर्माण।
- किशनपुर टभका, धनियां, गंगौली, पटपारा, बलुआही, पतैलिया, साखमोहन समेत आठ नदियों पर पुल स्वीकृत।
- विभूतिपुर में 317.28 किमी और दलसिंहसराय की छह पंचायतों में 22.133 किमी 17 सड़कों का निर्माण।
लोगों ने जो कहा
सभी पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय और लगाव ठीक नहीं रहा। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। इस वजह से जनहित के कई ज्वलंत मुद्दे दबकर रह गए। विधायक को आम पब्लिक के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधियों से कनेक्ट रहना चाहिए था।
राकेश कुमार, सिंघियाघाट
क्षेत्र का विकास हुआ है। इलाके की चहुंमुखी विकास के लिए विधायक ने विधानसभा में दमदार तरीके से मुद्दों को उठाया है। बाहरी और भीतरी का कोई मामला नहीं है। ये पढ़े-लिखे बेदाग इंसान और क्षेत्र के लिए एनर्जेटिक व्यक्तित्व हैं।
नीरो राय प्रभात, नरहन
विधायक ने कुछ ही क्षेत्र में कार्य किया। इनके प्रयास से क्षेत्र का कायाकल्प हो सकता था। सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सकता था। वित्तरहित शिक्षा नीति पर लिखित देने के बाद भी इनके स्तर से उचित प्रयास नहीं किया गया।
प्रो. चंद्रवीर, बाजितपुर बंबैया
विधानसभा का नेतृत्व यहां की जनता ने पिछली बार जब अजय कुमार को दिया तो इन्होंने न सिर्फ विभूतिपुर की समस्याओं का निदान करवाया, बल्कि ऐसे ज्वलंत मुद्दों को सदन में उठाया, जिससे पूरा राज्य लाभान्वित हुआ है।
रामसागर प्रसाद सिन्हा, चांद सुरारी
विधानसभा क्षेत्र : एक नजर में
कुल मतदाता | 2,67,925 |
महिला | 1,24,928 |
पुरुष | 1,42,992 |
थर्ड जेंडर | 5 |
नहीं हुआ कोई विकास
विगत पांच वर्षों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। विभूतिपुर में भ्रष्टाचार चरम पर है। मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना की राशि विधायक बनने के बाद कोई भी खर्च कर सकता है। यहां मुखिया, पंचायत समिति और वार्ड सदस्य की योजनाओं से कार्य हुए हैं।
रामबालक सिंह, प्रतिद्वंद्वी
विकास को दी रफ्तार
विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र को अपना घर-परिवार बनाया और सजाया है। यहां की आबादी के लिए संकल्पित होकर विभिन्न क्षेत्रों में विकास को रफ्तार दी है। जिम्मेदारीपूर्वक सदन में कई ऐसे सवाल उठाए, जिसे सरकार ने माना भी और जनहित में निर्णय लेते हुए राज्य स्तर पर लागू किया। सिंचाई विभाग वाली नरहन से कर्रख ढाला तक की सड़क 10 करोड़ 17 लाख की राशि से बनेगी। विधानसभा के दलसिंहसराय और विभूतिपुर में कई कार्यों में हस्तक्षेप कर निराकरण कराया।
अजय कुमार, विधायक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।