तेजस्वी यादव का सहरसा में बड़ा वादा, सरकार बनी तो रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार पर लगाम
तेजस्वी यादव ने सहरसा में कहा कि उनकी सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा और शिक्षा-स्वास्थ्य बेहतर होंगे। उन्होंने बिहार सरकार को विजनहीन बताया और भाजपा पर बिहार में फैक्ट्री न लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुल निर्माण का वादा किया और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की बात कही।

संवाद सूत्र,सहरसा। पूर्व उपमुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार बनेगी, तो अधिक से अधिक बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। अच्छी पढ़ाई, कमाई और दवाई का इंतजाम होगा।
शुक्रवार को सहरसा जिला मुख्यालय, सिमरीबख्तियारपुर व महिषी के गड़ौल में संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार को कोई विजन ही नहीं है। यह एक नकलची सरकार है।
कहा कि हम सभी धर्म- संप्रदाय के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। जिस प्रकार हमारे पिता लालू प्रसाद ने दलितों- शोषितों व कमजोर वर्ग के लोगों के मुंह में बोली दिया और अब उनका पुत्र बिहार को नई दिशा देकर नया बिहार बनाएगा।
उपमुख्यमंत्री था तो पुल को स्वीकृति
भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी को विकट्री बिहार में चाहिए और वो फैक्ट्री गुजरात में लगाएंगे। बिहार की जनता अब यह बर्दाश्त नहीं करेगी। सिमरीबख्तियारपुर में कहा कि जब हम उपमुख्यमंत्री थे स्थानीय विधायक के प्रयास से डेंगराही घाट पर 415 करोड़ की राशि से पुल को स्वीकृति दिलायी। आज वह बन रहा है। कठडुमर घाट पर 25 करोड़ की लागत से पीपा पुल बना।
उन्होंने आगे कहा मेरी सरकार बनी तो यहां भी स्थायी पुल का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनेगी तो भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगा।
भ्रष्टाचारियों को जेल में बंद किया जाएगा। महागठबंधन को पूरा ताकत दीजिए, ताकि बिहार में विकास और न्याय की सरकार बने। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का खात्मा हो सके।
मौके पर पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली कैशर, विधायक युसुफ सलाहउद्दीन, जिला परिषद उपाध्यक्ष सह प्रदेश महासचिव धीरेंद्र यादव, उप महापौर सह युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष उमर हयात गुड्डू, धनिकलाल मुखिया, डा. गौतम कृष्ण आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।