सड़क पर बैठना पड़ा भारी: कार ने दंपती को कुचला; पति के शव को 17 KM तक घसीटा फिर 40 KM दूर जाकर फेंका
सहरसा के सौरबाजार में बैजनाथपुर-सोनवर्षा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में एक दंपती की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। पत्नी का शव मिला लेकिन पति का शव गायब है जिससे लोगों में आक्रोश है। सड़क जाम से यातायात बाधित हुआ। पुलिस जांच कर रही है और वाहन मालिक की तलाश जारी है।
पति का शव कार में ही फंसा रह गया। इसके बाद आरोपित चालक 17 किलोमीटर तक शव को कार से घसीटता चला गया।
सड़क पर तीन किलोमीटर की दूरी तक मृतक के चीथड़े बिखरे मिले। मृतक के कुछ कपड़े भी सड़क पर ही घिसकर रह गए।
17 किलोमीटर के बाद चालक ने शव को कार के नीचे से निकाला व एक चादर में लपेटकर उसे कार के अंदर कर लिया।
इसके बाद घटनास्थल से 40 किलोमीटर की दूरी पर उसने कोसी नदी के किनारे शव फेंक दिया। पुलिस ने पति का शव बरामद कर लिया है।
कार की पहचान कर ली गई है। पुलिस उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, हनुमान नगर चकला गांव में अपनी झोपड़ी के सामने सड़क से थोड़ी दूरी पर भरत राम (60) व उनकी पत्नी श्यामा देवी (55) बैठकर बातचीत कर रही थीं।
इसी समय एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। इसके बाद कार बैजनाथपुर की ओर भाग निकली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब वे दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां श्यामा देवी का शव पड़ा था। भरत राम का शव वहां से गायब था।
यह देखकर मृतक के स्वजन बाइक से शव ढूंढने निकले। तीन किलोमीटर की दूरी पर भरत राम की लुंगी एवं शरीर का कुछ भाग सड़क पर गिरा हुआ मिला।
घटना से आक्रोशित लोगों ने बैजनाथपुर-सोनवर्षा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लगभग पांच घंटे तक जाम रहने से सड़क पर 15 किलोमीटर की दूरी तक गाड़ियों की लाइन लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर सौरबाजार थाना अध्यक्ष अजय पासवान, सोनवर्षा थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
कोसी नदी किनारे से शव बरामद
अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने रास्ते में पड़ने वाले एक ढाबे के सीसी कैमरे को चेक किया तो कार के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद जलई थाना क्षेत्र के बलही गांव में कोसी नदी के किनारे से शव बरामद किया गया।
सौरबाजार थानाध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दंपती के दोनों बेटे दिल्ली-पंजाब में मजदूरी करते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।