पुरानी रंजिश में सहरसा में 8 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, पड़ोसी पर लगा मर्डर का आरोप
सहरसा के सिमरीबख्तियारपुर में पुरानी रंजिश के चलते आठ वर्षीय मासूम मु. ओबेश की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
-1776062332501_m.webp)
अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
HighLights
सहरसा में पुरानी रंजिश के चलते मासूम की गला रेतकर हत्या।
आठ वर्षीय मु. ओबेश की सिटानाबाद में हुई निर्मम हत्या।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, मामले की जांच जारी।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद दक्षिणी पंचायत अंतर्गत पठान टोला वार्ड संख्या-सात में रविवार की शाम पुरानी रंजिश ने एक मासूम की जान ले ली।
मु. ओबेश की गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के संबंध मे मृतक मासूम की मां सकीना खातून ने अस्पताल में बताया कि उसका आठ वर्षीय मु. ओबेश पिता मु. जियाउद्दीन रविवार की शाम घर के समीप एक गाछी में खेलने गया था।
इसी दौरान पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर उसके ही पड़ोसी ने उस पर कचिया से हमला कर दिया। हमले में मासूम के गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायल बच्चे को अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरीबख्तियारपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां सकीना खातून ने आरोप लगाया कि पड़ोसी से लंबे समय से उनका विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में उसके बेटे की हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि उनका पुत्र घर के पास ही खेल रहा था, तभी आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, दारोगा दयानंद महतो, सुधीर कुमार, अमरजीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है और आरोपी की तलाश में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पांच पुत्रियों में इकलौता बेटा
मृतक ओबेश पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार पांच पुत्रियों के बाद उसे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। बेटे की मौत से मां सकीना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है।
वह बार-बार बेहोश हो जा रही है और कह रही है कि अब उसकी जिंदगी कैसे कटेगी। मृतक के पिता जियाउद्दीन बाहर में मजदूरी करते हैं।
यह भी पढ़ें- बैंक में PO की नौकरी छोड़ करने लगा ठगी, पत्नी है डॉक्टर; फर्जी पेपर लीक मामले में बिहार का अतुल वत्स गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- वैशाली में ट्रेनी महिला होमगार्ड से दुराचार मामले में कमांडेंट पर गिरी गाज, मुख्यालय ने लिया एक्शन
