विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तीन दिन के लिए मुखिया बनीं काजल ने अपने स्कूल की प्रिंसिपल की क्लास लगाई, निरीक्षण के दौरान गिनवाईं खामियां

By Adarsh TiwariEdited By: Aditi Choudhary
Published: Mon, 30 Jan 2023 02:35 PM (IST)

रोहतास जिले में नौंवी की छात्रा काजल कुमारी तीन दिनों के लिए मुखिया बनी है। सोमवार से अपने पंचायत के ...और पढ़ें

मध्यान भोजन योजना की जांच करती मुखिया काजल कुमारी। जागरण
मध्यान भोजन योजना की जांच करती मुखिया काजल कुमारी। जागरण

सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। रोहतास जिले के नोखा प्रखंड के हथिनी पंचायत अंतर्गत रूपहथा गांव की रहने वाली नौंवी की 13 वर्ष की छात्रा काजल कुमारी ने सोमवार को तीन दिनों के लिए पंचायत के मुखिया की कुर्सी संभाली। मुखिया का पदभार ग्रहण करने के बाद छात्रा पूरे एक्शन में है। सोमवार को कार्यभार संभालने के बाद सुबह दस बजे निर्धारित समय पर ग्राम सभा आयोजित की गई। इस दौरान 14 वार्ड के सभी सदस्य उपस्थित हुए। सभी ने अपनी योजनाओं का प्रस्ताव मुखिया काजल को सौंपा।

इसके बाद सुबह 11.10 बजे काजल रूपहथा मध्य विद्यालय निरीक्षण के लिए पहुंची। खास बात यह है कि काजल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी स्कूल से ली है। स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक मीना कुमारी अनुपस्थित मिली। विद्यालय में निरीक्षण की सूचना पर दौड़ते-भागते हुए मीना कुमारी 11.53 में विद्यालय पहुंची। इसके बाद छात्रा ने प्रिंसिपल की खूब क्लास लगाई। देर से स्कूल आने पर फटकार भी लगाई।

निरीक्षण में पाई गई कई गड़बड़ियां 

निरीक्षण के दौरान मुखिया काजल ने पूरे विद्यालय के चक्कर लगाए। क्लासरूम से लेकर शौचलय तक, सभी जगह जाकर काम-काज को देखा। निरीक्षण में कई खामियां निकल कर सामने आईं। आठ शिक्षकों में तीन ही उपस्थित मिले। प्रिंसिपल ने बताया कि दो शिक्षक इंटरमीडिएट परीक्षा ड्यूटी में और एक विशेषावकाश में हैं।

बाकी के अनुपस्थित शिक्षकों की स्पष्ट जानकारी प्रभारी प्रधानाध्यापक नहीं दे पाई। इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना में भी मुखिया ने कई गड़बड़ियां पकड़ी। इसके बाद मुखिया ने विद्यालय का शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिया।

प्रतियोगिता में प्रथम आने पर लिया गया निर्णय 

बता दें कि काजल उक्त पंचायत के उच्चतर उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा हैं। पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह ने बताया कि उनकी पहल पर गणतंत्र दिवस के मौके पर 25 जनवरी को विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें पंचायत के कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा में सफल होने पर पुरस्कार के रूप में यह तय किया गया कि जो भी अव्वल आएगा, उसे तीन दिन के लिए पंचायत का मुखिया नामित किया जाएगा।

काजल कुमारी इस प्रतियोगिता में अव्वल रहीं और अधिक नंबर लाए जाने पर उन्हें सोमवार से तीन दिनों के लिए पंचायत प्रधान बनाया गया है। बुधवार तक काजल पंचायत से जुडी गतिविधियों व विकास कार्यों से रूबरू होंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।