रोहतास के इटवां गांव में ताला तोड़कर आभूषण, कीमती सामान, नगदी सहित 75 लाख की संपत्ति चोरी
रोहतास के बिक्रमगंज में दावथ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में एक बड़ी चोरी हुई। व्यवहार न्यायालय सासाराम के पेशकार चंदन कुमार के घर से 75 लाख की संपत्ति चोरी हो गई जिसमें आभूषण कीमती सामान और नगदी शामिल है। उनके माता-पिता घर बंद कर अमेरिका गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज (रोहतास)। दावथ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में व्यवहार न्यायालय सासाराम के पेशकार के घर भीषण चोरी हुई है। इस संबंध में पीड़ित चंदन कुमार जो व्यवहार न्यायालय सासाराम में कार्यरत हैं, ने दावथ थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी कराई है। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है और उद्भेदन के लिए हर सम्भव प्रयासरत है।
पीड़ित चंदन कुमार ने बताया कि वे तीन भाई हैं। जिसमें एक भाई अमेरिका, एक बंग्लौर और वे स्वयं सासाराम में परिवार के साथ रहते हैं। गांव के घर में उनके बुजुर्ग मां और पिताजी रहते हैं। बताया कि 27 मई को उनके माता पिता अमेरिका घर में ताला बंद कर चले गए। वे समय समय पर सासाराम से अपने गांव आकर घूमकर चले जाते थे। 17 अगस्त को भी वे यहां आए थे, इसके बाद 9 सितंबर को 2 बजे शाम को आए।
वे अपने गेट खोलकर अंदर गए तो देखा सभी सात कमरों का ताला टूटा है। बक्सा, अलमीरा का भी ताला टूटा है और कपड़ा, आभूषण के डब्बे व अन्य समान बिखरा हुआ है। उन्होंने बताया कि तीनों भाई की पत्नी और उनके मां का आभूषण, कपड़ा व अन्य कीमती सामान व नगद राशि था।
उन्होंने बताया कि सोने का आभूषण करीब 70 लाख रुपये का, चांदी के आभूषण, बर्तन करीब 2 लाख 60 हजार रुपये का, नगद 95 हजार और अन्य कीमती सामान, कपड़ा और दो सूटकेस की चोरी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।