Bihar Crime News: रोहतास में पुलिस पर हमला कर शराब तस्कर को छुड़ाया, 39 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
करगहर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में शनिवार की रात शराब तस्कर को गिरफ्तार कर थाना ला रही पुलिस पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर तस्कर को मुक्त करा लिया। इस हमले में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। पुलिस ने 19 लोगों को नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी की है।
संवाद सूत्र, करगहर (रोहतास)। करगहर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में शनिवार की रात शराब तस्कर को गिरफ्तार कर थाना ला रही पुलिस पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर तस्कर को मुक्त करा लिया।
इस हमले में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने 19 लोगों को नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी की है।
थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि शनिवार की मध्य रात्रि शराब तस्कर कुंदन पासवान को घर से गिरफ्तार किया गया था। हमला कर उसे मुक्त करा लिया गया। उनके सहित चार जवानों को चोटें आई हैं।
महिला सिपाही वर्षा कुमारी के साथ कुछ लोगों ने बदतमीजी भी की। कई पुलिसकर्मी नाली में गिर गए। कुंदन पर पहले से शराब तस्करी की प्राथमिकी है।
राइफल व दो कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
संवाद सूत्र नासरीगंज(रोहतास) कच्छवां थाना क्षेत्र के तुर्कबिगहा गांव से पुलिस ने एक व्यक्ति को देशी राइफल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। घटना रविवार देर शाम की है।
थानाध्यक्ष मीतेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति उक्त गांव निवासी 45 वर्षीय सबीउल्लाह खान पिता सालेहीन खान बताया जाता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति तुर्कबिगहा मोड़ पर नहर के किनारे हथियार के साथ घूम रहा है।
जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया।
ऐसी शंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त व्यक्ति जानवरों के शिकार के जुगाड़ में हथियार लेकर घूम रहा था। उसके पास से एक नाली राइफल और दो कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर थाने लाकर एसपी को सूचना देते हुए अग्रिम कार्रवाई एवं जांच पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि नव वर्ष के आगमन को ले एसपी के निर्देश पर पलिस अलर्ट मोड में है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।