विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथों से बुनते हैं छठ की टोकरी, जुबां से गाते हैं खुद के लिखे छठ गीत; अनोखा है बिहार के रामचंद्र महोली का हुनर

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:46 PM (IST)

पूर्णिया के रामचंद्र महोली छठ महापर्व के लिए बांस की टोकरियां बनाते हुए छठ गीत गाते और रचते हैं।

HighLights

  1. रामचंद्र महोली बांस की टोकरी बनाते, साथ में छठ गीत गाते हैं।

  2. उनके गीतों में भवानीपुर और माधवनगर की स्थानीय पहचान झलकती है।

  3. अपनी कारीगरी और गीतों को यूट्यूब, इंस्टाग्राम पर साझा करते हैं।

दिवाकर सिंह सूरज, पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी के साथ ही बांस की टोकरी बनाने वाले कारीगरों की व्यस्तता बढ़ गई है।

इसी बीच भवानीपुर के एक ऐसे कारीगर भी हैं, जिनके हाथ बांस की टोकरी बुनते हैं तो जुबां से छठ गीतों की धुन निकलती है। खास बात यह है कि वे केवल छठ गीत गाते ही नहीं, बल्कि खुद अपनी धुन तैयार कर गीतों की रचना भी करते हैं।

उनके गीतों में भवानीपुर और माधवनगर का नाम भी सुनाई देता है। इस तरह वे अपनी पारंपरिक कारीगरी के साथ स्थानीय पहचान और लोक संस्कृति को भी गीतों के माध्यम से अभिव्यक्त कर रहे हैं।

नगर पंचायत भवानीपुर के वार्ड संख्या 13 स्थित माधवनगर महोली टोला निवासी करीब 47 वर्षीय रामचंद्र महोली तीन पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक कारीगरी को आगे बढ़ा रहे हैं।

उनके पूर्वज पहले पालकी ढोने का काम करते थे। समय के साथ परिवार का पारंपरिक रोजगार बांस की टोकरी बनाने से जुड़ गया। अब यह काम उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है।

रामचंद्र अपनी पत्नी के साथ मिलकर टोकरी तैयार करते हैं। छठ महापर्व के दौरान मांग बढ़ने पर परिवार के अन्य सदस्य और बच्चे भी इस काम में हाथ बंटाते हैं।

बचपन से था गाने का शौक, संसाधनों के अभाव में नहीं मिला अवसर

रामचंद्र को बचपन से ही गाने का शौक था, लेकिन सीमित संसाधनों और परिस्थितियों के कारण वे अपने इस शौक को आगे नहीं बढ़ा सके।

Chhath Songs

इंटरनेट और सोशल मीडिया के विस्तार ने उनके इस शौक को नया रास्ता दिया। वे यूट्यूब पर भजन और गीत सुनते हैं। उनसे प्रेरणा लेकर अपनी कल्पना और अंदाज से नई धुन तैयार करते हैं और उसी पर खुद गीतों की रचना करते हैं। धीरे-धीरे मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल सीखकर उन्होंने अपने इस शौक को लोगों तक पहुंचाना शुरू किया।

गीतों में भवानीपुर और माधवनगर का भी जिक्र

रामचंद्र के स्वरचित छठ गीतों की खासियत यह है कि वे उनमें अपने इलाके का नाम भी जोड़ते हैं। उनके गीतों में माधवनगर और भवानीपुर बाजार का जिक्र स्थानीय परिवेश को गीतों से जोड़ता है।

टोकरी बुनते समय वे अपनी कारीगरी के साथ छठ गीतों की धुन भी छेड़ते हैं। उनके स्वरचित गीत की पंक्तियां हैं—

''का करबू धनी, कनि-कनि नू हो, करब छठी के पूजनवा। मांगी-चांगी लाइब माधवनगर और भवानीपुर बजरिया से, नू हो, करब छठी के बरतिया।.........
छठी मैया हरि है विपत्तियां ना हो, करब छठी के पूजनवा।''

गीत की इन पंक्तियों में छठ पूजा की तैयारी के साथ स्थानीय बाजार और छठी मैया से विपत्तियां दूर करने की कामना भी झलकती है। अपने गीतों के माध्यम से रामचंद्र स्थानीय परिवेश और लोक आस्था को एक साथ जोड़ने का प्रयास करते हैं।

यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर साझा करते हैं अपने वीडियो

डिजिटल दौर में रामचंद्र के लिए मोबाइल और इंटरनेट अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन गया है। वे अपने गाए गीतों और टोकरी बनाने से जुड़े वीडियो खुद यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर साझा करते हैं।

एक ओर वे परिवार के तीन पीढ़ियों पुराने पारंपरिक रोजगार को संभाल रहे हैं तो दूसरी ओर बचपन से अधूरे रह गए गायकी के शौक को भी पूरा कर रहे हैं।

उनकी यह कोशिश बताती है कि पारंपरिक कारीगरी और लोकगीतों की विरासत को नई तकनीक के सहारे भी आगे बढ़ाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- छठ महापर्व पर अपने गांव लखनपुर आएंगे CM सम्राट चौधरी, बहन और भाभी कर रही हैं व्रत; 4 घाटों पर देंगे अर्घ्य

यह भी पढ़ें- छठ के बाजार में जीविका दीदियों के हुनर की धूम, सूप-दउरा और अलता से कमा रहीं हजारों रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।