छठ के बाजार में जीविका दीदियों के हुनर की धूम, सूप-दउरा और अलता से कमा रहीं हजारों रुपये
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार की जीविका दीदियां पारंपरिक सामग्री बनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार की जीविका दीदियां अपने पारंपरिक हुनर, मेहनत और उद्यमशीलता से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में जीविका स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाएं छठ पूजा में उपयोग होने वाली पारंपरिक सामग्रियों का निर्माण कर न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों की मेहनत और हुनर से लोक आस्था का महापर्व छठ और भी खास बन रहा है। मुंगेर, रोहतास, बक्सर और पूर्वी चंपारण सहित विभिन्न जिलों की महिलाएं बांस के सूप, दउरा, टोकरी और पंखे (बना) तैयार कर रही हैं। वहीं, कई जिलों में जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पारंपरिक अलता व्रती महिलाओं के श्रृंगार, घरों की चौखट की सजावट और पूजन सामग्री की पारंपरिक रंगाई के लिए उपलब्ध है।
मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। पर्व के दौरान इन उत्पादों की मांग बढ़ने से जीविका दीदियों के पारंपरिक कौशल को बाजार और आजीविका से जोड़ने का बेहतर अवसर मिला है। इससे हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होने के साथ ग्रामीण महिलाओं को घर के आसपास ही रोजगार एवं अतिरिक्त आय का साधन उपलब्ध हो रहा है।
ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड की बंगालवा पंचायत के करैली गांव की गेंदीया देवी बांस के सूप और दउरा तैयार कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। गणेश स्वयं सहायता समूह, आंचल ग्राम संगठन और सक्षम संकुल संघ से जुड़ी गेंदीया देवी अपने पति मनोज टुरी के सहयोग से छठ पूजा की सामग्री बनाती हैं। उनके उत्पादों की बिक्री स्थानीय बाजारों के साथ आसपास के गांवों में भी हो रही है। छठ व्रती महिलाएं और स्वयं सहायता समूह की अन्य दीदियां भी उनसे सीधे खरीदारी कर रही हैं।
इसी प्रकार रोहतास जिले के रोहतास प्रखंड में आत्मबल संकुल संघ से जुड़ी 9 से 10 महिलाएं सामूहिक रूप से बांस की टोकरी, सूप, दउरा और पंखे का निर्माण कर रही हैं। इससे प्रत्येक सदस्य को प्रति सीजन लगभग 20 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है। वहीं, कबीर जीविका महिला ग्राम संगठन और शारदा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं इस सीजन में व्यक्तिगत रूप से 35 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
बक्सर, पूर्वी चंपारण और नालंदा सहित अन्य जिलों में भी जीविका दीदियां स्थानीय मांग के अनुरूप पारंपरिक उत्पाद तैयार कर रही हैं। जीविका के माध्यम से महिलाओं को उत्पादन, विपणन और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अंत में मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। जीविका स्वयं सहायता समूहों ने ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज जीविका दीदियां केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति ही नहीं सुधार रही हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। राज्य के सांस्कृतिक एवं पौराणिक विकास में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।