विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में पिंटू मंडल हत्याकांड पर पप्पू यादव सख्त, परिजनों को 15 हजार की मदद, IG से की हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

Published: Fri, 23 Oct 2026 08:09 PM (IST)

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पिंटू मंडल हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देते पूर्णिया सांसद पप्पू यादव।

परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देते पूर्णिया सांसद पप्पू यादव।

HighLights

  1. सांसद पप्पू यादव ने पिंटू मंडल के परिजनों से मुलाकात की।

  2. पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता दी।

  3. पूर्णिया आईजी से फोन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के बड़हरा कोठी प्रखंड अंतर्गत रघुवंशनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर भित्ता टोला (वार्ड संख्या 08) में बीते दिनों हुई पिंटू मंडल की निर्मम हत्या के बाद पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव उनके निजी आवास पहुंचे।

सांसद ने बिंदुनाथ मंडल के पुत्र मृतक पिंटू मंडल के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और इस दुखद घड़ी में गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की।

सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि किसी भी परिवार के सदस्य की इस तरह हत्या होना बेहद हृदयविदारक घटना है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

पूर्णिया आईजी से फोन पर वार्ता, सख्त एक्शन की मांग

परिजन से मुलाकात के दौरान ही सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया के आईजी (IG) से फोन पर सीधी बातचीत की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस हत्याकांड में शामिल सभी नामजद और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ अविलंब और कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।

सांसद ने मामले की निष्पक्ष व गहन जांच सुनिश्चित कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल तोड़ा जा सके।

रामविलास मंडल के परिजनों से भी मिले सांसद

इसी दौरे के क्रम में सांसद पप्पू यादव बड़हरा कोठी प्रखंड के लक्ष्मीपुर भित्ता टोला निवासी रामविलास मंडल के निधन की सूचना पर उनके आवास भी पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर बड़हरा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि कौशल यादव, पूर्व मुखिया मनिकांत मंडल, दिलीप मंडल, जेपी साह, राहुल यादव, लवकुश यादव, अनिल मुखिया समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया की झिझिया अब गुजरात में मचाएगी धूम, 16 कलाकार एकतानगर में दिखाएंगे बिहार की लोकसंस्कृति का दम

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में पूर्व विधायक बीमा भारती के बेटे पर अपहरण की कोशिश का आरोप, धमकी का ऑडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

"किसी परिवार के कमाने वाले सदस्य की हत्या होना अत्यंत दुखद है। हम पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे। पूर्णिया आईजी से बात कर अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की गई है। पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।"

-
— राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, सांसद, पूर्णिया