Purnea News: सात घंटे तक आक्रोश की आग में जलता रहा मजगामा हाट, खूब मचा बवाल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पूर्णिया के वैसा प्रखंड के मजगामा हाट में एक मुस्लिम युवक ने दुर्गा प्रतिमा को खंडित कर दिया जिससे आक्रोशित भीड़ ने हंगामा किया। पुलिस ने लाठीचार्ज और फायरिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपी युवक और 11 अन्य गिरफ्तार किए गए हैं। घटना के बाद बाजार में तनाव व्याप्त है और पुलिस जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, वैसा (पूर्णिया)। वैसा प्रखंड मुख्यालय से तकरीबन दस किलोमीटर दूरी पर अवस्थित अनगढ़ थाना क्षेत्र का प्रसिद्ध मजगामा हाट शुक्रवार को पूरे सात घंटे तक आक्रोश की आग में जलता रहा।
एक मुस्लिम युवक द्वारा बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर में बन रही प्रतिमा को खंडित किए जाने से भड़के इस आक्रोश का अंत अंतत: पुलिस द्वारा भांजी गई लाठियां व चार चक्र फायरिंग से हुआ।
इस बीच दबोचे गए आरोपित युवक को जब पुलिस ने अपने कब्जे में लिया तो भीड़ उसे सौंपने की मांग को लेकर पुलिस से भी भिड़ गई। सुबह करीब पांच बजे शुरु हुआ बवाल लगभग 12 बजे तक जारी रहा।
स्थिति यह हुई कि डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल, डीएम अंशुल कुमार व एसपी स्वीटी सेहरावत भी वहां पहुंच मोर्चा संभाला और इस आग को और भड़कने से पहले शांत कर दिया।
देर शाम तक पूरा बाजार पुलिस छावनी में तब्दील रहा। कई थानों की पुलिस वहां कैंप कर रही है। पुलिस व जिला प्रशासन शांति व सदभाव कायम करने की कोशिश में जुटी रही। पुलिस ने आरोपित युवक के साथ-साथ बवाल काटने वाले 11 लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था और रोज गुलजार रहने वाला इस बाजार में घटना व बवाल के चलते अघोषित कर्फ्यू की स्थिति बनी रही।
प्रसिद्ध है मंदिर, कई गांवों के लोगों की जुड़ी है आस्था
जानकारी के अनुसार आक्रोश के इस तरह भड़कने की बड़ी वजह इस मंदिर के प्रति लोगों की असीम आस्था है। मजगामा हाट का यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है।
मजगामा हाट ही नहीं अगल-बगल के गांवों के लोगों की असीम आस्था भी इससे जुड़ी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे रौटा थाना क्षेत्र के मंगलबाजार निवासी मुस्लिम युवक मंदिर में निर्माणाधीन मां दुर्गा की प्रतिमा को खंडित कर रहा था। लोगों की जैसे ही नजर पड़ी मानो पूरे बाजार में शोर मच गया।
देखते ही देखते बाजार सहित आसपास के लोगों का जुटान भी शुरु हो गया और लोगों ने सर्वप्रथम आरोपित युवक को कब्जे में लेकर एक कमरे में बंद कर सड़क जाम कर दिया। सड़क पर आक्रोशित भीड़ ने आगजनी भी शुरु कर दी। इधर सूचना मिलते ही अनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच पहले आरोपित युवक को अपने कब्जे में लेने की कोशिश में जुट गई।
इसी दौरान भीड़ युवक को खुद के हवाले की मांग पर पुलिस से उलझ गई और इसमें कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें भी आयी। स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना के साथ ही बायसी एसडीपीओ के साथ-साथ कई थानों की पुलिस वहां पहुंच मोर्चा संभाला।
इसके बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं होता देख डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल, डीएम अंशुल कुमार व एसपी स्वीटी सेहरावत भी मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। आक्रोश की आग इस कदर भड़क गई थी कि बाद में पुलिस को लाठियां चटकानी पड़ी और चार चक्र हवा में फायरिंग भी की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसमें कई लोगों को गंभीर चोट भी आयी है। बताया जा रहा है कि जब भीड़ ने बाजार स्थित दो दुकानों में आग फूंक दी तब पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरु कर दी।
क्या है युवक का सच, चिकित्सीय जांच से होगा स्पष्ट
बवाल की मूल में रहे रौटा थाना क्षेत्र के जिस मुस्लिम युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उक्त युवक को लेकर तरह-तरह की बातें वहां होती रही।
आक्रोशित पक्ष का कहना था कि युवक रौटा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन बगल के गांव में उसका ननिहाल है। पूरी तरह सुनियोजित साजिश के तहत युवक ने अल सुबह ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाने की कोशिश में था, लेकिन आसपास के कई लोग जग गए और पूरा भेद खोल दिया।
इस चलते ही युवक पागल होने का नाटक कर रहा है। इससे विलग आरोपित युवक के पक्षधरों का कहना था कि युवक मानसिक रुप से बीमार है। गत चार साल से उसका उपचार चल रहा है। इससे विलग पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर चुकी है। जरुरत के अनुसार आगे मेडिकल जांच के बाद उसकी सच्चाई सामने आ सकेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।