विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल समेत देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, पूर्णिया के बराह बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:23 PM (IST)

पूर्णिया के भवानीपुर स्थित बराह बाबा मंदिर में नेपाल सहित देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़े। 

भवानीपुर के बराह बाबा मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। जागरण

भवानीपुर के बराह बाबा मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। जागरण

HighLights

  1. पूर्णिया के बराह बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

  2. नेपाल और विभिन्न राज्यों से भक्त दर्शन को पहुंचे।

  3. मंदिर परिसर में एक माह के मेले का शुभारंभ।

संवाद सहयोगी, भवानीपुर (पूर्णिया)। बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर स्थित बराह बाबा मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

नेपाल के बराह क्षेत्र स्थित बराह छत्तर के बाद बिहार में यह बराह बाबा का प्रमुख धार्मिक स्थल है। दर्शन और जलाभिषेक के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई। जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए पुरुषों, महिलाओं और युवाओं की किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।

भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना करते नजर आए। नेपाल सहित अलग-अलग क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल रहा।

विशेष पूजा-अर्चना के अवसर पर भवानीपुर में लगने वाले एक माह के मेले का भी शुभारंभ हुआ। भवानीपुर मुख्य बाजार से सुदामानगर होते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों के बीच स्थित मंदिर परिसर में मुख्य धार्मिक आयोजन के दिन विशेष मेला लगता है।

वहीं, भवानीपुर बस स्टैंड में मूर्ति पूजन के साथ शुरू होने वाला मेला करीब एक महीने तक चलेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, कलाकृतियां और मनोरंजन के अन्य साधन लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मेले के चलते भवानीपुर में उत्सवी माहौल है और आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं।

भारी भीड़ को देखते हुए भवानीपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने संभाली।

उनके साथ अवर रक्षक दीपक कुमार गौतम, रामदेव सिंह, सुधीर कुमार और शैलेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहे।

पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण, कतार व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें- खेल-खेल में पढ़ाई से बदली ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर, दरभंगा के शिक्षक अरविंद को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

यह भी पढ़ें- दरभंगा में मछली उत्पादन भरपूर, मछली पालकों को कर्ज नहीं, आवेदन पर एक भी स्वीकृति नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।