दरभंगा में मछली उत्पादन भरपूर, मछली पालकों को कर्ज नहीं, आवेदन पर एक भी स्वीकृति नहीं
दरभंगा में 530 मछली पालकों ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के लिए आवेदन किया, लेकिन बैंकों की उदासीनता के कारण किसी को भी स्वीकृति नहीं मिली।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
530 मछली पालकों के केसीसी ऋण आवेदन अस्वीकृत।
बैंक मत्स्य पालन को जोखिम भरा कारोबार मानते हैं।
सरकारी प्रयासों के बावजूद किसानों को पूंजी नहीं मिल रही।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । जिले में मछली उत्पादन को बढ़ावा देने और मत्स्य पालक किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की सरकारी कोशिशों पर बैंकों की उदासीनता भारी पड़ रही है।
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करने वाले किसी भी मछली पालक को अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।
मत्स्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 से अब तक 530 मछली पालक किसानों ने केसीसी ऋण के लिए आवेदन किया है। इसके बावजूद एक भी आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ है।
बताया जाता है कि बैंक मत्स्य पालन को जोखिम भरा कारोबार मानते हैं। उन्हें आशंका है कि भविष्य में किसान कर्ज माफी की उम्मीद में ऋण चुकाने में उदासीनता बरत सकते हैं।
इससे बैंकों का एनपीए बढ़ने का खतरा रहता है। हालांकि, इस रवैये के कारण जरूरतमंद मत्स्य पालक ऋण की सुविधा से वंचित हो रहे हैं। मछली पालकों को नाव खरीदने, जाल लेने और नाव की मरम्मत सहित अन्य जरूरतों के लिए पूंजी की आवश्यकता होती है।
विभाग और बैंक की ओर से अलग-अलग जरूरतों के लिए ऋण की राशि निर्धारित की गई है। देशी नाव के लिए 60 हजार रुपये तक कार्यशील पूंजी और एक लाख रुपये तक निवेश राशि का प्रावधान बताया गया है।
सामान्य तौर पर किसानों को 60 हजार से तीन लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है। हालांकि, ऋण की वास्तविक स्वीकृति बैंक के स्तर से की जाती है।
जिले में करीब दस हजार मछली पालक किसान हैं। यहां लगभग 12 हजार तालाब हैं, जिनमें 2409 सरकारी तालाब शामिल हैं। इन सरकारी तालाबों का कुल रकबा 9244 हेक्टेयर बताया गया है।
जिले में प्रतिवर्ष करीब 90 हजार मीट्रिक टन मछली का उत्पादन होता है। इसके बावजूद किसानों को संस्थागत ऋण की सुविधा नहीं मिलना मत्स्य पालन के विस्तार में बाधा बन रहा है।
सरकार की ओर से मत्स्य पालकों को सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए केसीसी योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार ब्याज में दो प्रतिशत की छूट और समय पर भुगतान करने पर तीन प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है।
वहीं, जीविका के माध्यम से भी समूहों को जोड़कर मत्स्य पालन के लिए ऋण उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसके बावजूद 530 आवेदनों में एक भी स्वीकृति नहीं मिलना बैंकिंग व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बीच की खाई को उजागर करता है।
केसीसी ऋण को लेकर किसानों को जागरूक किया जाता है। आवेदन सृजन कराने के लिए क्षेत्रीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है। 2022-2023 से अब तक केसीसी के लिए 530 आवेदन प्राप्त हुआ है। जिसे विभिन्न बैंकों में भेज दिया गया है। अभी तक एक भी किसान का केसीसी ऋण की स्वीकृति नहीं मिली है। मछली पालक किसान खेती भी करते हैं। ऐसा देखा गया है कि जो किसान खेती करते हैं। वे पहले ही केसीसी ऋण ले चुके हैं। इन किसानों को फिर से ऋण नहीं मिल पाता है।
प्रदीप कुमार -जिला मत्स्य पदाधिकारी, दरभंगा।