विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेल-खेल में पढ़ाई से बदली ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर, दरभंगा के शिक्षक अरविंद को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:19 PM (IST)

शिक्षक अरविंद कुमार नायक को नेपाल में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान से नवाजा गया है। उन्होंने खेल-खेल में पढ़ाई और अनुपयोगी वस्तुओं से शिक्षण सामग्री बनाकर ग्रामीण बच्चों की शिक्षा को रोचक बनाया।

जनकपुर में शिक्षक गौरव सम्मान पाते अरविंद नायक।

जनकपुर में शिक्षक गौरव सम्मान पाते अरविंद नायक।

HighLights

  1. शिक्षक अरविंद नायक को अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।

  2. नेपाल के जनकपुर में मधेश प्रदेश अध्यक्ष ने यह सम्मान दिया।

  3. खेल-खेल में पढ़ाई और कबाड़ से जुगाड़ तकनीक अपनाते हैं।

संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। जब कक्षा में किताबों के साथ खेल, प्रयोग और डिजिटल तकनीक जुड़ती है तो बच्चों के लिए पढ़ाई कठिन विषय नहीं, सीखने का आनंद बन जाती है।

इसी सोच के साथ ग्रामीण बच्चों की शिक्षा को रोचक बनाने में जुटे पोहदी निवासी शिक्षक अरविंद कुमार नायक को अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है।

नेपाल के जनकपुर में आयोजित समारोह में मधेश प्रदेश नेपाल विधानसभा के अध्यक्ष राम आशीष यादव ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार और बच्चों को सीखने के नए तरीके उपलब्ध कराने की पहल को इस सम्मान के जरिए सराहा गया।

खेल-खेल में सीखने की अनूठी पहल

अरविंद कुमार नायक बच्चों को पारंपरिक तरीके से केवल किताबों तक सीमित रखकर पढ़ाने के बजाय खेल-खेल में सीखने की पद्धति अपनाते हैं। उनकी कोशिश है कि बच्चे पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि रुचिकर गतिविधि के रूप में देखें। इस तरीके से बच्चों की सहभागिता बढ़ती है और कठिन विषयों को समझने में भी आसानी होती है।

कबाड़ से तैयार करते हैं शिक्षण सामग्री

शिक्षण में संसाधनों की कमी को बाधा मानने के बजाय अरविंद इसे नवाचार का अवसर बनाते हैं। कबाड़ से जुगाड़ की सोच के तहत वे अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार करते हैं। इन सामग्रियों के माध्यम से बच्चों को विषयों की व्यावहारिक समझ देने का प्रयास करते हैं। डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल कर पढ़ाई को सरल और रोचक बनाते हैं।

ग्रामीण बच्चों में बढ़ी पढ़ाई की रुचि

उनकी पहल का सकारात्मक असर ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के बच्चों पर पड़ा है। पढ़ाई को रोचक तरीके से प्रस्तुत करने के कारण बच्चों की सीखने में रुचि बढ़ी है। विद्यालय छोड़ने वाले बच्चों की संख्या कम करने में भी उनकी पहल मददगार रही है। उनकी कोशिश यह संदेश देती है कि बेहतर शिक्षण के लिए महंगे संसाधनों से अधिक जरूरी शिक्षक की रचनात्मक सोच और बच्चों के प्रति समर्पण है।

सम्मान को बताया नई जिम्मेदारी

अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान मिलने पर अरविंद कुमार नायक ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए उपलब्धि के साथ-साथ नई जिम्मेदारी भी है। उनका लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। ग्रामीण बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सीखने का सही अवसर और बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की है।

शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

अरविंद कुमार नायक को सम्मान मिलने पर प्रधानाध्यापक अजीत चौधरी, वरीय शिक्षिका कंचन कुमारी, रूही कुमारी, वंदना कुमारी, शिक्षक प्रमोद यादव, शैलेंद्र यादव, नूतन प्रसाद सिंह, राजेश सिंह, पिंकी कुमारी सहित क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता जताई। सभी ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में मछली उत्पादन भरपूर, मछली पालकों को कर्ज नहीं, आवेदन पर एक भी स्वीकृति नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।