विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पटना में एके-47 लेकर छेड़खानी रोकेंगी महिला पुलिसकर्मी

By Ravi RanjanEdited By:
Published: Wed, 02 Aug 2017 09:49 PM (IST)Updated: Thu, 03 Aug 2017 08:57 AM (IST)

राजधानी में छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब महिला पुलिस को गश्त पर लगाया गया है। ...और पढ़ें

पटना में एके-47 लेकर छेड़खानी रोकेंगी महिला पुलिसकर्मी
पटना में एके-47 लेकर छेड़खानी रोकेंगी महिला पुलिसकर्मी

पटना [जेएनएन]। राजधानी में छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसएसपी मनु महाराज ने बुधवार को पहल की। पुलिस लाइन में आराम फरमा रहीं 54 महिला सिपाहियों को पुरूष बल के साथ गश्त में लगाया जाएगा।

 

अब वे छेड़खानी की घटनाएं होने वाले चिह्नित स्थानों पर सुबह और शाम नियमित रूप में गश्त लगाएंगी। उनके हाथ में जरूरत के मुताबिक पिस्टल से लेकर एके-47 तक के हथियार होंगे। इसके अलावा महिला जवान साइकिल और बाइक से गश्ती करेंगी।

 

पुलिस नियंत्रण कक्ष से संचालित डॉल्फिन मोबाइल की टीम में भी महिला सिपाही और पदाधिकारी को शामिल किया जाएगा। भागलपुर के नाथनगर ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण लेकर आईं महिला जवानों को तीनों पहर की गश्ती में लगाया जाएगा। 

 

दरअसल, एक संस्था के बैनर तले दर्जनभर लड़कियों ने की मनु महाराज से मुलाकात कर कहा कि 'सर, शहर में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। राजधानी में आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लफंगे कभी कमेंट्स करते हैं तो कभी सरेराह दुपट्टा खींच देते हैं। प्लीज, इससे हमें निजात दिलाएं और आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करें।

 

एसएसपी ने युवतियों को सुरक्षित वातावरण मुहैया कराने का आश्वासन दिया। साथ ही छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का भरोसा दिलाया। इस संबंध में उन्होंने पीडि़तों से अपील की कि वे सामने आएं और शिकायत करें, ताकि आरोपित को पकड़ा जा सके।

 

तीन दिन में सामने आईं दो घटनाएं

लड़कियों ने बताया कि तीन दिन के अंदर छेड़खानी की दो घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन अब तक उसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई। बोरिंग कैनाल रोड में कोचिंग जा रही एक छात्रा का बाइक सवार मनचलों ने दुपट्टा खींच लिया और फब्तियां कसते फरार हो गए।

 

वहीं पटना वीमेंस कॉलेज की एक छात्रा से दो दिन पहले नागेश्वर कॉलोनी में छेड़खानी हुई। वह शाम के वक्त हॉस्टल की रूममेट के लिए बर्थ-डे केक ले जा रही थी, तभी बाइक सवार लफंगे आए। पहले अश्लील बातें की, फिर निजी अंगों पर हाथ रख दिया। 

 

पॉश इलाकों में यहां होती है छेड़खानी

युवतियों के मुताबिक शाम चार से सात बजे तक शहर के कुछ पॉश इलाकों में बाइकर्स गैंग और लफंगों का जमावड़ा लगता है, जहां से पार करना बहुत मुश्किल है। उन इलाकों में नागेश्वर कॉलोनी, बोरिंग कैनाल रोड का पंचमुखी मंदिर चौराहा, अल्पना मार्केट, बीकानेर स्वीट्स लेन, संतुष्टि गली लेन, राजवंशी नगर, पुनाईचक मोड़ आदि शामिल हैं। करीब डेढ़ दर्जन ऐसे स्पॉट हैं, जहां रोजाना लड़कियां शिकार बनती हैं।

 

पुलिसकर्मी भी देखते हैं गलत नजरों से

पीडि़तों की मानें तो शहर के कुछ ऐसे स्पॉट हैं, जहां शोहदों के साथ बाइक सवार पुलिसकर्मी भी मौजूद रहते हैं। मनचले उनपर फब्तियां कसते हैं और पुलिसकर्मी उन्हें गलत निगाह से देखते हैं। इससे उनका मनोबल टूट जाता है और वे शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पातीं। 

 

एसएसपी ने दी युवतियों को सलाह

लड़कियों की बातें सुनने के बाद एसएसपी ने उनसे सहयोग की अपील की। साथ ही आरोपितों को पकडऩे में मदद करने के लिए कुछ सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अगर वे छेड़खानी का शिकार होते हैं तो वे फौरन पुलिस के 100 नंबर पर कॉल कर जानकारी दें।

 

यह भी पढ़ें: देवर को नही पंसद आया भाभी का ये काम, गड़ासे से कर दी हत्या

 

घटनास्थल का स्पष्ट पता देने की कोशिश करें। यदि, वहां रोज लफंगों का जमावड़ा लगता हो तो उस स्थान की तस्वीर लेने का प्रयास करें। साथ ही कुछ आरोपितों की बाइक का फोटो मिल जाए तो उन्हें पकडऩे में बेहतर होगा। 

 

यह भी पढ़ें: डीआइजी का फोन न उठाने पर निलंबित हुए थाना प्रभारी, जानिए पूरा मामला