Shrawani Mela 2025: श्रावणी मेला की तैयारियों में जुटी सरकार, इन 7 अधिकारियों को दी गई बड़ी जिम्मेदारी
बिहार सरकार ने श्रावणी मेला में व्यवस्था बनाए रखने हेतु भागलपुर और बांका जिले में दो अधिकारियों को नियुक्त किया है। मधेपुरा के मो. फैजान सरवर भागलपुर में और नवादा के मनोज चौधरी बांका में अपनी सेवाएं देंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए पांच अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य सरकार ने श्रावणी मेला में विधि व्यवस्था संधारण और कांवरियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने हेतु भागलपुर तथा बांका जिले में बिहार प्रशासनिक सेवा के दो वरीय उप समाहर्ता की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें मधेपुरा के वरीय उप समाहर्ता मो. फैजान सरवर को भागलपुर जिले एवं नवादा के वरीय उप समाहर्ता मनोज चौधरी को बांका के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है।
ये पदाधिकारी 11 जुलाई से 25 जुलाई तथा 26 जुलाई से 9 अगस्त तक के लिए प्रतिनियुक्त किए गए हैं। वहीं मधेपुरा के वरीय उप समाहर्ता संतोष कुमार एवं नवादा सदर के अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ.राज कुमार सिन्हा को उक्त प्रतिनियुक्ति से विमुक्त किया गया है।
जमुई के प्रतिनियुक्त पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनिल कुमार रमण को भी उक्त प्रतिनियुक्ति से विमुक्त किया गया है। बुधवार को इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई।
श्रावणी मेला में खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए पांच अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
12 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेला की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांवरिया पथ पर बड़ी संख्या में खाद्य सामग्रियों की दुकानें भी सजनी शुरू हो गई है। जिसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सिविल सर्जन बांका के अनुरोध पर कांवरिया पथ पर बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए पांच खाद्य संरक्षा पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक मो. इकबाल खाद्य संरक्षा पदाधिकारी के साथ ही अर्जुन प्रसाद, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार, अशोक कुमार सिन्हा एवं नारायण राम को खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता जांच के लिए बांका और भागलपुर जिलांतर्गत मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है।
ये अधिकारी मेला की अवधि रहने तक प्रतिनियुक्ति स्थल पर रहेंगे और कांवरिया पथ पर बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांच करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।