विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ताजिया जुलूस को ले कई जगह भिड़े दो पक्ष; भागलपुर में झड़प, नरकटियागंज में पथराव

By Rajesh ThakurEdited By:
Published: Tue, 10 Sep 2019 07:26 PM (IST)Updated: Tue, 10 Sep 2019 11:08 PM (IST)

मुहर्रम को लेकर मंगलवार को पूरे बिहार में ताजिया जुलूस निकाला गया। इसे लेकर पुलिस व प्रशासन की ओर सुरक्षा ...और पढ़ें

ताजिया जुलूस को ले कई जगह भिड़े दो पक्ष; भागलपुर में झड़प, नरकटियागंज में पथराव
ताजिया जुलूस को ले कई जगह भिड़े दो पक्ष; भागलपुर में झड़प, नरकटियागंज में पथराव

भागलपुर/नरकटियागंज, जागरण टीम। मुहर्रम को लेकर मंगलवार को पूरे बिहार में ताजिया जुलूस निकाला गया। इसे लेकर पुलिस व प्रशासन की ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंध के दावे किये जा रहे थे। अधिकांश जिलों में प्रशासन मुस्‍तैद दिखे और शांतिपूर्वक जुलूस निकाला गया। लेकिन कुछ जगहों पर दो पक्षों में लोग भिड़ गए। भागलपुर में सुबह जहां सीआइएसफ जवान की पिटाई कर दी गई, वहीं शाम में पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज में पथराव की घटना से तनाव हो गया है। 

भागलपुर में जवान की पिटाई से बढ़ा तनाव, सड़क-रेल जाम

भागलपुर से जेएनएन के अनुसार ताजिया जुलूस के दौरान अकबरनगर में सीआइएसफ जवान की पिटाई के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मुहर्रम जुलूस अकबरनगर के सिमराहा के पास से गुजर रहा था, तभी सामने से बाइक पर सीआइएसएफ जवान आ रहे थे। बताया जाता है कि जवान की बाइक से एक व्यक्ति को चोट लग गई। इसके बाद सीआइएससफ जवान की पिटाई कर दी गई। पिटाई के विरोध में एक पक्ष के लोगों ने सड़क जाम कर दिया, वहीं दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा भी आगे सड़क यातायात बाधित की गई। इस कारण दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई। 

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी निसार अहमद शाह अकबरनगर पहुंचे और थाने में जवान से पूछताछ की। इधर, दोनों पक्ष के बीच भीषण पथराव हुआ।उपद्रवियों के सामने पुलिस भी बेबस दिखाई दे रही थी। घटनास्थल पर अकबरनगर, सुल्तानगंज, बाथ और शाहकुंड की पुलिस पहुंच गई। वहीं सड़क के साथ ही रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया गया था। 

नरकटियागंज में पथराव में आधा दर्जन से अधिक चोटिल 

पश्चिमी चंपारण से जेएनएन के अनुसार जिले के नरकटियागंज में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई है। पत्थरबाजी में आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हुए हैं। हुड़दंगियों ने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। दुकानों के फाटक, काउंटर आदि की तोड़फोड़ किए जाने की सूचना मिली है। मौके पर एसडीएम चंदन चौहान स्वयं पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। बताया जाता है कि मुहर्रम जुलूस आर्य समाज रोड से होकर मस्जिद की ओर जा रहा था। इसी दौरान शरारती तत्वों की वजह से दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। 

गोपालगंज में पिस्‍तौल लहराता वीडियो वायरल
गोपालगंज के जेएनएन के अनुसार मुहर्रम को लेकर गोपालगंज में ताजिया जुलूस निकाला गया। जिले के जंगलिया चौक पर जुलूस में शामिल युवकों के द्वारा लाठी डंडों और तलवार के साथ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जुलूस में शामिल एक युवक देसी पिस्तौल भी लहराता दिखा, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया है। इस वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। बता दें कि इससे पहले भी जिले के चाहे महावीरी अखाडा हो या फिर मुहर्रम का जुलूस, यहां खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करना आम बात हो गयी है। इससे पहले सोमवार को ही जिले के कुचायकोट के सासामुसा में महावीरी मेले में आर्केस्ट्रा के दौरान एक युवक ने मंच पर चढ़ कर खुलेआम राइफल लहराया गया था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।