बिहार में विधानसभा सत्र के आखिरी दिन भी हंगामा, 6 मिनट ही चला सदन; दोपहर 2 बजे तक स्थगित
मानसून सत्र के आखिरी दिन भी विधानपरिषद में खूब नारेबाजी हुई। विपक्षी सदस्य आज भी काले कपड़े में सदन आए थे और कार्यवाही शुरू होते ही वेल में आकर नारेबा ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा के मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है। पहले 4 दिन जोरदार हंगामा देखने को मिला। आज भी माहौल वैसा ही रहा। सदन शुरू होने के 6 मिनट बाद ही विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव ने दोपहर 2 बजे तक के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दिया।
बता दें कि मानसून सत्र के आखिरी दिन भी विधानपरिषद में खूब नारेबाजी हुई। विपक्षी सदस्य आज भी काले कपड़े में सदन आए थे और कार्यवाही शुरू होते ही वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। इस बीच सत्ता पक्ष के सदस्य भी खड़े होकर शिक्षकों के प्रदर्शन और सदन को बाधित करने का आरोप लगाकर विपक्ष पर हमलावर हुए। विपक्षी सदस्य वोट की चोरी नहीं चलेगी, राज्य सरकार होश में आओ, जैसे नारे लगा रहे थे। इसी बीच सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम भी पहुंचे मगर विपक्ष का हंगामा जारी रहा।
सभापति अवधेश नारायण सिंह के आग्रह के बाद भी विपक्षी सदस्य शांत नहीं हुए। सभापति ने कहा कि ऐसे हाय-हाय कीजिएगा तो चुनाव के बाद भी हाय हाय करते रहिएगा। विपक्षी सदस्यों के हाय-हाय के नारे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सब पूरा धाय-धाय हैं। विधानसभा से परिषद तक सब अनाप-शनाप कर रहे हैं। जब सुनना चाहिए तो सुनते नहीं है। कुछ सुन ही नहीं रहे हैं। सभापति ने शोर शराबा बढ़ता देख 11 मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।