तेजस्वी यादव का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विवादित बयान, बिहार सीएम नीतीश कुमार को भी नहीं छोड़ा
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बिहार सीएम नीतीश कुमार पर शुक्रवार को विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमें पॉकेट मार पीएम नहीं चाहिए। पटना स्थित राजद कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमें अचेत मुख्यमंत्री की भी जरूरत नहीं है।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुक्रवार को बिहार से जाते ही विपक्ष उनपर हमलावर हो गया। राजधानी में प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम पर विवादित बयान दे दिया। लालू प्रसाद के बेटे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी नहीं छोड़ा।
हमें अचेत मुख्यमंत्री की भी जरूरत नहीं
पटना स्थित राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल की मौजूदगी में मीडिया को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि हमें पॉकेट मार पीएम नहीं चाहिए। इतना ही नहीं, नेता प्रतिपक्ष ने नीतीश कुमार को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि हमें अचेत मुख्यमंत्री की भी जरूरत नहीं है। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री के भाषण को “घिसा-पिटा” और “टेलीप्रॉम्पटर आधारित” बताया।
सिवान को 10 साल में क्या दिया?
तेजस्वी ने सरकार पर तंज भी कसा। पूछा कि सिवान को आपने 10 साल में क्या दिया? सिर्फ भाषण से तो किसी का पेट नहीं भरता। नेता प्रतिपक्ष ने इस पर भी दावा किया कि सिवान में भीड़ को प्रशासनिक दबाव और सरकारी संसाधनों से जबरदस्ती जुटाया गया।
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनना तय
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम सभी लोगों को साथ में लेकर चलते हैं। मुद्दों की बात करते हैं। हमारे पास विजन है। बिहार को कैसे आगे लेकर जाना है, इसकी योजना हमारे पास है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता का भरोसा हमारे ऊपर बढ़ रहा है। दावा इस बात का भी किया कि चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने भविष्य भी बताया। कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ही सरकार बनेगी।
'नेशनल दामाद आयोग' दे जवाब
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में खटारा सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में घटना या वारदात होती है, तो नीतीश कुमार पीड़ितों एवं बलिदानियों के स्वजनों से मिलने नहीं जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार की जनता अब 'नेशनल दामाद आयोग' से जवाब मांग रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।