LOVE Affair: कम उम्र का प्यार और खतरे हजार, इन सच्ची घटनाओं से सबक ले सकता है हर किशोर
Love Affair Side Effect कम उम्र का प्यार आपको परेशानी के सिवा कुछ नहीं दे सकता है। इसके तमाम खतरे हैं। लेकिन इन घटनाओं के जरिए आपको इसके सबसे बड़े खतरे के बारे में पता चलेगा। हर किशोर को यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए।
पटना, जागरण टीम। Bihar News: छोटी उम्र के लड़के और लड़कियों का जीवन प्यार के चक्कर में बर्बाद हो रहा है। ऐसे मामले एक-दो नहीं, बल्कि ढेरों हैं और हर रोज सामने आ रहे हैं। शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलने और दूर जाने की सहूलियत बढ़ने के साथ ही मोबाइल और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल ने भी समाज में बड़ा बदलाव लाया है। इसका नतीजा है कि जो उम्र पढ़ने और खेलने की है, उसमें बच्चे प्यार के चक्कर में पड़ रहे हैं। बात यही तक रहती तो उतना नहीं बिगड़ता, जितना कि नतीजा सामने आ रहा है। कम उम्र के ऐसे रिश्तों के चक्कर में पड़ना हर तरह से घाटे का सौदा है। इसे समझना है तो पहले इन मामलों पर नजर डालिए।
गोपालगंज में शादी की नीयत से किशोरी का अपहरण
गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग किशोरी को शादी की नीयत से अपहरण करने का मामला सामने आया है। इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहली नजर में यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। कानून के मुताबिक इस मामले में आरोपित लड़के और उसके परिवार के सदस्यों को अब जेल की हवा खानी पड़ेगी। लड़की अगर ढूंढ ली गई तो, उसको कानून के लिहाज से माता-पिता के घर जाने को कहा जाएगा। अगर वह इससे इनकार करती है तो कोर्ट उसे रिमांड होम भेज सकती है। रिमांड होम की व्यवस्था क्या है, यह आपको बताने की जरूरत तो नहीं ही होगी।
सिवान में शादी की नीयत से नाबालिग को भगाया, प्राथमिकी
सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग अपने नाना के घर से गायब हो गई। लड़की के मामा ने शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा लेने का आरोप लगाया है। यह मामला एक दिन पहले ही सामने आया। नाबालिग लड़की का मामला होने के कारण पुलिस और कोर्ट की कार्रवाई इस प्रकरण में भी वैसी ही होगी, जैसा कि पिछले मामले में हमने आपको बताया।
सारण में किशोरी लगातार दूसरी बार लापता
सारण जिले के मढौरा की एक लड़की घर से गायब हो गई। घर वालों ने जिन लोगों पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है, उन्हीं के साथ दो साल पहले भी लड़की घर छोड़कर चली गई थी। दो साल पहले आरोपितों के घर से ही पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। अब वह फिर से उन्हीं लोगों के साथ चली गई।
सारण में ही शादी की नीयत से युवती का अपहरण
सारण जिले के ही सहाजितपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से सिलाई सिखने गयी युवती की शादी की नीयत से अपहरण कर लिया गया है। अपहृत युवती की भाई ने प्राथमिकी दर्ज करा बताया है कि उसकी बहन सिलाई सिखने कोल्हुआं गई थी। देर तक घर नहीं पहुंचने पर खोजबीन की गई। सगे संबंधियों के यहां पता लगाया गया। कहीं पता नही चला। इसके बाद उसकी सहेली के माध्यम से पता चला कि वह जितेंद्र कुमार से मोबाइल से बात करती थी। उसी युवक ने शादी की नीयत से उसका अपहरण किया है। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुटी है।
पटना में प्रेम प्रसंग में फरार लड़की को पुलिस ने किया बरामद
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के एक लड़की को दो दिन पूर्व एक युवक ने बहला फुसलाकर प्रेम प्रसंग में ले भगा ले गया था। लड़की के स्वजनों ने इसकी जानकारी बाढ़ थानाध्यक्ष को दी। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना सिटी के सुल्तानगंज इलाके से लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे कानूनी प्रक्रिया से गुजरने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। वहीं करीब एक पखवाड़े पहले दो अलग समुदाय के प्रेमी युगल लापता हैं। जिसकी प्राथमिकी बाढ़ थाने में दर्ज की गई है। अभी तक प्रेमी युगल का कोई अता पता नहीं चला है, जिसको लेकर दोनों पक्ष के स्वजन परेशान हैं।
जहानाबाद की लड़की को हरियाणा लेकर जाकर बेच दिया
जहानाबाद जिले के टेहटा की रहने वाली एक लड़की कुछ लोगों के चक्कर में पड़ गई। उसे हरियाणा ले जाकर सवा लाख रुपए में बेच दिया गया। परिवार की शिकायत पर जांच के दौरान पुलिस को ठोस सुराग मिला तो लड़की को बरामद किया गया। साथ ही बेचने और खरीदने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया।
रोहतास की लड़की का हुआ और बुरा हाल
रोहतास की एक लड़की तो मानव तस्करों के चंगुल में बुरी तरह फंस गई। इस लड़की को पहले अररिया जिले की तरफ रेडलाइट एरिया में बेच दिया गया। वहां लड़की को दो महीने रखा गया। इसके बाद उसे बेगूसराय लाया गया। उसे मधुबनी भेजे जाने की तैयारी थी, तभी ग्रामीणों की मदद से भगकर पुलिस तक पहुंच गई।
आरा की लड़की ने लगाया मौत को गले
आरा की एक लड़की की शादी बक्सर में तय हो गई। इस बीच उसके गांव के ही एक शख्स ने लड़की की पुरानी तस्वीरें और वीडियो होने वाले दूल्हे को भेज दिए। यह शादी टूट गई और तनाव में आकर लड़की ने खुदकशी कर ली।
शादी के लिए सही उम्र का करें इंतजार
शादी के लिए बच्चों को सही उम्र का इंतजार करना चाहिए। सरकार ने लड़कों के लिए 21 वर्ष और लड़कियों के लिए 18 वर्ष शादी की न्यूनतम आयु निर्धारित कर रखी है। इससे पहले शादी और प्यार के चक्कर में पड़ना बेवकूफी है। किशोर उम्र में अपना पूरा ध्यान पढ़ाई और करियर पर फोकस करना चाहिए। अगर आपकी रुचि पढ़ाई में नहीं है तो पेंटिंग, सिलाई, खेलकूद जिस दिशा में भी आपको अच्छा लगे, कुछ सीखने की कोशिश करनी चाहिए। आपको यह जानना भी जरूरी है कि सरकार शादी की लड़कियों की न्यूनतम आयु भी बढ़ाकर 21 वर्ष करने की तैयारी में जुटी है।
परिवार से छिपा कर न लें जिंदगी के फैसले
जिंदगी के बड़े फैसले परिवार से छिपाकर लेना अक्सर आपको मुश्किल में डाल सकता है। यूं तो मुश्किल किसी भी वक्त आ सकती है, लेकिन अगर आप परिवार को साथ रखकर फैसला लेते हैं तो बुरे हालात में आपका साथ देने वाला कोई होता है। अकेले दम पर फैसला लेने के बाद अगर कुछ प्रतिकूल हुुआ तो चुनौती अधिक गंभीर हो जाती है। शादी हो या प्यार परिवार की जानकारी में रहना आपके लिए फायदेमंद है। परिवार में जिस सदस्य पर आपको सबसे अधिक भरोसा हो, उसी को बताइए, लेकिन बताइए जरूर। सबसे बेहतर यह है कि माता-पिता अपने बच्चों के सबसे खास दोस्त बनकर रहें, ताकि बच्चे को उनसे कुछ छिपाने की जरूरत नहींं पड़े।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।