Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुशील मोदी ने किया कटाक्ष, बोले- सुधाकर के जरिये नीतीश पर कुर्सी छोड़ने का दबाव बना रहे लालू

    By Raman ShuklaEdited By: Yogesh Sahu
    Updated: Sat, 18 Feb 2023 12:37 AM (IST)

    सुशील मोदी ने कहा- तेजस्वी यादव को उत्तराधिकारी घोषित करने के बाद नीतीश कुमार सिर्फ केयर टेकर मुख्यमंत्री रह गए हैं। वे राजद की कृपा पर इतने निर्भर है ...और पढ़ें

    Hero Image
    सुशील मोदी ने किया कटाक्ष, बोले- सुधाकर के जरिये नीतीश पर कुर्सी छोड़ने का दबाव बना रहे लालू

    राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सुधाकर सिंह और प्रोफेसर चंद्रशेखर के जरिए नीतीश कुमार पर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है, इसलिए इनके आपत्तिजनक बयानों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मोदी ने कहा कि तीन महीने से सुधाकर सिंह की बयानबाजी जारी है, लेकिन उन्हें सिर्फ नोटिस दिया गया। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए तेजस्वी यादव अधिकृत हैं। इसमें लालू प्रसाद की जरूरत नहीं।

    उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को उत्तराधिकारी घोषित करने के बाद नीतीश कुमार सिर्फ केयर टेकर मुख्यमंत्री रह गए हैं। वे राजद की कृपा पर इतने निर्भर हैं कि कोई फैसला नहीं कर सकते।

    मोदी ने कहा कि कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है, लेकिन नीतीश कुमार अब इसे भी तेजस्वी यादव के लिए छोड़ चुके हैं।

    उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस की निंदा करने वाले शिक्षा मंत्री ने न अपना दुराग्रही बयान वापस लिया, न मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कर पाए।

    मोदी ने कहा कि सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की निंदा में जिन शब्दों का प्रयोग किया, वैसे शब्द विपक्ष भी इस्तेमाल नहीं करता।

    सुशील मोदी चलते-फिरते सपना देखने लगे हैं : संजय

    जदयू विधान पार्षद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि लोग सोकर या फिर बैठकर सपने देखते हैं, पर भाजपा नेता सुशील मोदी चलते-फिरते सपना देखने लगे हैं।

    उन्हें लग रहा है, वह जिस तरह से बोल रहे, उससे 2017 वाला फेरबदल हो जाएगा तो उन्हें गलतफहमी हैं। राजद के साथ सरकार पूरी ताकत के साथ चल रही है।

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बड़े आत्मसम्मान के साथ सरकार चला रहे हैं। संजय ने कहा कि सुधाकर सिंह और डा. चंद्रशेखर का मामला राजद का अंदरुनी विषय है।

    इसके लिए राजद आलाकमान सक्षम है। अपनी आदत के मुताबिक सुशील मोदी गड़े मुर्दे उखाड़ने में लगे हैं, पर इसका कोई फायदा नहीं होने वाला।

    एक ओर सुशील मोदी यह कह रहे कि वह स्वस्थ राजनीति करते हैं तो सुधाकर सिंह से मिलने जेल क्यों गए थे?