Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Patna News: वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद, छात्र को मारी गोली

    Updated: Fri, 11 Jul 2025 08:04 AM (IST)

    पटना के वेटरनरी कॉलेज मैदान में क्रिकेट खेलने के दौरान छात्रों के बीच विवाद हो गया जिसमें एक छात्र मयंक को गोली लग गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। पहले भी इस तरह के विवाद हो चुके हैं।

    Hero Image
    एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के वेटनरी कैंपस में छात्र को मारी गोली, घटनास्थल पर जुटी भीड़। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, पटना। वेटनरी कॉलेज मैदान में गुरुवार की शाम क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में एक छात्र को गोली मार दी गई। गोली उसकी अंगुली में लगी है। उसकी पहचान वेटनरी कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र मयंक के रूप में हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उसे आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। वह फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपित के बारे में जानकारी जुटा रही है।

    शाम के समय वेटनरी कॉलेज के छात्र क्रिकेट खेलने पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर मैदान में बनी पिच पर कुछ बाहरी लड़के पहले से क्रिकेट खेल रहे थे। वेटनरी कॉलेज के छात्रों ने उन्हें दूसरी जगह खेलने को कहा। इसी बात पर छात्रों और बाहरी लड़कों के बीच बहस हो गई। बात मारपीट तक पहुंच गई।

    इसके बाद बाहरी लड़के अपने साथियों को फोन कर बुलाने लगे। थोड़ी देर में बाहरी लड़कों के साथी भी पहुंच गए। उनके से किसी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली वहां खड़े मयंक को लग गई। गोली मारने के बाद बाहरी लड़के और आरोपित भी फरार हो गया। छात्र की अंगुली में गोली लगी थी।

    उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि क्रिकेट खेलने को लेकर पहले भी बाहरी लड़कों के साथ विवाद हो चुका है। जब भी बाहरी लड़कों को दूसरे मैदान में खेलने को कहा जाता है, वे धमकी देकर चले जाते हैं। इस बार गोली मार दी गई।

    छात्रों ने दिया धरना

    पटना के वेटनरी कॉलेज परिसर में गोलीबारी की घटना के बाद कॉलेज के छात्र परिसर में बेहतर सुरक्षा की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।

    वेटनरी कॉलेज की छात्रा साक्षी कहती हैं कि हमारी पहली मांग है कि कल की घटना के दोषियों को सजा मिले। दूसरी मांग यह है कि कॉलेज परिसर खुला है, कोई भी परिसर में घुसकर हम पर फब्तियां कस सकता है। सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है, हमने कई बार लिखित में इसकी शिकायत की है। हम कार्रवाई चाहते हैं। जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती, हमारा धरना जारी रहेगा।

    घायल युवक का उपचार चल रहा है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपित की पहचान की जा रही है। -डॉ. अनु कुमारी, सचिवालय डीएसपी-1