सौतेले बेटों ने बीएड कॉलेज की निदेशक को मारी गोली, घायल
फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के भुसौला चक के नजदीक सोमवार को दिनदहाड़े सौतेले बेटों ने मां पर गोली चला दी।
पटना (फुलवारीशरीफ) : थाना क्षेत्र के भुसौला चक के नजदीक सोमवार को दिनदहाड़े सौतेले बेटों ने नेशनल बीएड कॉलेज की निदेशक माधुरी कुमारी की कार पर हत्या के इरादे से गोलियों की बौछार कर दी। इसमें वह घायल हो गई। बांह में गोली लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। एम्स में इलाज के दौरान पुलिस को दिए गए बयान में माधुरी ने हमलावरों की पहचान तारिक और सन्नी के रूप में की है। दोनों उसके दूसरे पति अकील अहमद के बेटे हैं। प्रॉपर्टी को लेकर आरोपितों से माधुरी का लंबे समय से विवाद चल रहा है। डीएसपी रमाकांत प्रसाद ने बताया कि मौके से एक कारतूस बरामद हुआ है। तारिक और सन्नी की तलाश में छापेमारी चल रही थी।
: चालक के साथ कार से लौट रही थी माधुरी :
बोरिंग रोड निवासी माधुरी कुमारी जानीपुर स्थित नेशनल बीएड कॉलेज में निदेशिक हैं। वह चालक अनिल कुमार के साथ कार से घर लौट रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाश कार पर गोलियां चलाने लगे। गोली लगते ही माधुरी जोर से चिल्लाई तो बदमाश फरार हो गए। सड़क पर अफरातफरी मच गई। कार पर दो गोलियों के निशान हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने चार राउंड गोली चलने की बात कही है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष मो. कैसर आलम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
बिहार कर्मचारी चयन आयोग में कर्मचारी हैं अकील :
माधुरी ने पहले पति मुजफ्फरपुर निवासी मिथिलेश कुमार की मौत के बाद बिहार कर्मचारी चयन आयोग के कर्मचारी अकील अहमद से कोर्ट में शादी कर ली। माधुरी और मिथिलेश का एक बेटा है, जो मां के साथ रहता है। शादी से पहले माधुरी को पता था कि अकील की पत्नी का इंतकाल हो चुका है, लेकिन बाद में मालूम हुआ कि तलाक की प्रक्रिया चल रही है। वह पत्नी और बेटों के साथ आशियाना मोड़ स्थित गंगा विहार अपार्टमेंट में रहते हैं। अकील के पास काफी संपत्ति है। शुरुआत से ही शकील के बेटे तारिक और सन्नी को उनकी दूसरी शादी नागवार गुजर रही थी। उन्हें आशंका थी कि माधुरी पत्नी होने के नाते उनके पिता की संपत्ति पर कब्जा कर लेगी। इसलिए वे अक्सर सौतेली मां के साथ मारपीट करते थे। चार महीने पहले माधुरी ने सौतेले बेटों के खिलाफ शास्त्री नगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।