विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

14000 साल पुराना सोनपुर मेले का इतिहास, 1857 की क्रांति और किसान आंदोलन का भी बना गवाह; जाने अनसुने किस्से

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:24 AM (IST)

सोनपुर मेला गंगा और गंडक के संगम पर आस्था, इतिहास और परंपरा का प्रतीक है, जहां कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु डुबकी लगाते हैं। 

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. गंगा-गंडक संगम पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान, आस्था का महासागर।

  2. सोनपुर मेला पशु व्यापार, इतिहास, संस्कृति का विराट संगम।

  3. हरिहरनाथ मंदिर शिव-विष्णु के एकात्म स्वरूप का अनूठा प्रतीक।

जागरण संवाददाता, पटना। गंगा और गंडक के पावन तट पर जब कार्तिक पूर्णिमा की भोर उतरती है तो सोनपुर की धरती आस्था के महासागर में बदल जाती है। लाखों श्रद्धालु पुण्य और मोक्ष की कामना लेकर नदियों में डुबकी लगाते हैं।

मंदिरों में घंटियां गूंजती हैं, साधु-संतों की धूनी रमती है और दूर-दराज से आए लोगों की आवाजाही से पूरा हरिहर क्षेत्र जीवंत हो उठता है। रविवार से हरिहर क्षेत्र में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले का आगाज भी होगा।

गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ नारायणी के तट पर एक बार फिर लोक जीवन, आस्था, व्यापार और इतिहास का विराट संसार सजेगा। सोनपुर मेले के इतिहास और महत्ता पर प्रकाश डालती प्रभात रंजन की रिपोर्ट।

सोनपुर मेले की कहानी केवल आस्था और स्नान तक सीमित नहीं है। इसकी मिट्टी में पौराणिक आख्यानों की सुगंध है, तो इतिहास के पन्नों में राजाओं-महाराजाओं के हाथियों की खरीद-बिक्री, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, शाही दरबार, स्वतंत्रता संग्राम और किसान आंदोलन की गूंज भी दर्ज है।

लोक संस्कृति के रंगों से सजा यह मेला सदियों से बदलते समाज और समय का साक्षी रहा है। राजा-महाराजा युद्ध के लिए हाथियों की खरीदारी करने यहां पहुंचते थे।

धीरे-धीरे यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान से आगे बढ़कर पशु व्यापार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मनोरंजन का विशाल केंद्र बन गया।

कभी इसकी ख्याति देश की सीमाओं से बाहर तक थी। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार, लोक संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का केंद्र नहीं रहा, बल्कि धार्मिक चेतना और सनातन परंपरा के संरक्षण का भी ऐतिहासिक मंच भी रहा है।

क्षेत्र में हुआ था धर्म सम्मेलन

सोनपुर मेले को हरिहर क्षेत्र मेला और छत्तर मेला के नाम से भी जाना जाता है। हाजीपुर और वैशाली के आसपास के इलाकों में आज भी काफी संख्या में लोग इसे छत्तर मेले के नाम से पुकारते हैं।

सारण जिले के पूर्वी छोर पर नारायणी, जाह्नवी और मही नदियों के पवित्र संगम क्षेत्र में लगने वाले इस मेले का धार्मिक महत्व सदियों पुराना है।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर की आस्था और पौराणिक मान्यताओं ने इसे विशिष्ट पहचान दी है। इसी धार्मिक धरती पर वर्ष 1915 में आयोजित अखिल भारत वर्षीय सनातन धर्म सम्मेलन ने मेले के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा।

कार्तिक मेले के दौरान सोनपुर स्थित अखिल भारत वर्षीय धर्मसभा भवन में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के राजा-महाराजाओं और धर्माचार्यों का जुटान हुआ था।

सम्मेलन में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति बताई जाती है। दरभंगा महाराज रामेश्वर सिंह इसके सभापति थे, रीवा महाराज वेंकट रमण सिंह मुख्य अतिथि और हथुआ महाराज गुरु महादेव आश्रम प्रसाद शाही बहादुर संरक्षक की भूमिका में थे।

सम्मेलन का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा, उसके प्रचार-प्रसार और धार्मिक चेतना को व्यापक बनाना था। 27 नवंबर 1915 को प्रकाशित पाटलिपुत्र अखबार ने इस आयोजन का विस्तार से वर्णन किया था।

समाचार के अनुसार, सभापति दरभंगा महाराज के बाईं ओर रीवा महाराज और दाईं ओर हथुआ महाराज विराजमान थे। सम्मेलन में स्वागत अध्यक्ष व्याख्यान वाचस्पति पंडित दीन दयालु शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में तीनों नरेशों की उपस्थिति को हरिहर क्षेत्र के त्रिदेव संगम से जोड़ते हुए कहा था कि जिस प्रकार यहां नारायणी, जाह्नवी और मही का संगम होता है, उसी प्रकार आज रीवा, दरभंगा और हथुआ नरेशों का मिलन हुआ है।

उन्होंने रीवा महाराज को विष्णु, दरभंगा महाराज को शिव और हथुआ महाराज को ब्रह्मा का स्वरूप बताते हुए इसे धर्म का त्रिदेव संगम कहा था।

गूंजा था धर्म की जय का उद्घोष

सम्मेलन की एक विशेषता तीनों राजाओं की उपस्थिति ही नहीं, बल्कि उनके बीच दिखाई देने वाली धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा भी थी। पाटलिपुत्र अखबार के विवरण के अनुसार, सर्वप्रथम रीवा महाराज ने धर्मसभा मंडप के द्वार पर दर्शन दिया। जनता ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

सभा मंडप में प्रवेश के दौरान दरभंगा और हथुआ महाराज ने आगे बढ़कर उनकी अगवानी की। ब्राह्मण भक्त रीवा महाराज ने दोनों नरेशों के चरण स्पर्श कर प्रणाम किया।

उस समय इस दृश्य को ब्राह्मण गौरव और धर्मात्मा नरेशों की परंपरा के प्रतीक के रूप में देखा गया था। दंडीस्वामी स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ब्रह्मर्षि वंश विस्तर में भी इस धर्म सम्मेलन का विस्तार से उल्लेख किया है।

उस समय राजा-महाराजाओं के संरक्षण से आम लोगों में भी धर्म सम्मेलन को लेकर उत्साह था। आज भले ही राजपरिवारों का वैसा जुटान नहीं होता, लेकिन उस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृति सोनपुर मेले की धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा बनी हुई है।

महाराजाओं को आकर्षित करती थी पशुओं की मंडी

सोनपुर मेले की प्रसिद्धि केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही। हाथियों और घोड़ों की खरीद-बिक्री ने इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

इतिहास और लोक मान्यताओं में मौर्य शासक चंद्रगुप्त मौर्य के समय से ही यहां पशुओं की खरीदारी की परंपरा का उल्लेख मिलता है।

उनके शासनकाल में हाथी, घोड़े और बैलों की खरीदारी होती थी। मुगल काल में भी यह मेला शाही जरूरतों का महत्वपूर्ण केंद्र बना रहा। युद्ध में हाथियों की बड़ी भूमिका होने के कारण मुगल शासक यहां से चुनिंदा हाथियों की खरीदारी करते थे।

सम्राट अकबर भी दल-बल के साथ सोनपुर मेले में आते थे। मध्य एशिया के अलावा अफगानिस्तान, ईरान और इराक तक के व्यापारी यहां पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते थे। घोड़ों की नस्ल और हाथियों की कद-काठी के आधार पर उनकी कीमत तय होती थी।

इस तरह सोनपुर मेला केवल स्थानीय व्यापार नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों को जोड़ने वाला बड़ा कारोबारी केंद्र था। 1803 में यहां घोड़ों के लिए बड़ा अस्तबल बनाए जाने का उल्लेख भी मिलता है।

इससे मेले में घोड़ों के व्यापार की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पशुओं की खरीदारी के लिए लगने वाली मंडी में अलग-अलग क्षेत्रों के व्यापारी, पशुपालक और खरीदार जुटते थे। यही वजह है कि सोनपुर मेले का नाम लंबे समय तक हाथियों और घोड़ों के बड़े बाजार के रूप में प्रसिद्ध रहा।

अंग्रेजों के खिलाफ हुई थी बैठकें

सोनपुर मेले का इतिहास आजादी की लड़ाई और किसान आंदोलनों से भी जुड़ा है। मेले की भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों की आड़ में स्वतंत्रता सेनानियों के मिलने-जुलने और विचार-विमर्श करने की परंपरा रही। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान बाबू वीर कुंवर सिंह ने यहां अंग्रेजों के खिलाफ क्रांतिकारियों के साथ बैठक की थी।

1857 के विद्रोह की तैयारियों के संदर्भ में यहां से अरबी घोड़ों, हाथियों और हथियारों के संग्रह का भी उल्लेख मिलता है। इससे मेले का सामरिक महत्व भी सामने आता है।

अंग्रेजी शासन के दौरान किसानों और मजदूरों पर जमींदारों के अत्याचार तथा शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने में भी हरिहर क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वामी सहजानंद सरस्वती ने किसान-मजदूरों को संगठित करने के उद्देश्य से 17 नवंबर 1929 को सोनपुर में बिहार राज्य किसान सभा की स्थापना की।

यह संगठन आगे चलकर बिहार के किसान आंदोलन की प्रमुख आवाज बना। इस तरह मेले का मैदान केवल मनोरंजन और व्यापार का स्थल नहीं रहा, बल्कि सामाजिक बदलाव और राजनीतिक चेतना का भी मंच बना।

मंदिर में एक ही शिवलिंग में विराजते हैं शिव और विष्णु

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर की धार्मिक महत्ता का सबसे बड़ा केंद्र बाबा हरिहरनाथ मंदिर है। यहां स्थापित शिवलिंग अपनी विशिष्ट बनावट और पौराणिक मान्यता के कारण देशभर में अनूठा माना जाता है।

इस शिवलिंग के आधे भाग में भगवान शिव और शेष आधे भाग में भगवान विष्णु की आकृति विद्यमान है। यही स्वरूप इसे हरिहर नाम की सार्थकता प्रदान करता है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, यहां जलाभिषेक और स्तुति करने से भगवान शिव और विष्णु दोनों की कृपा प्राप्त होती है। शिवलिंग की स्थापना करीब 14 हजार वर्ष पूर्व भगवान ब्रह्मा ने की थी।

इसके पीछे शैव और वैष्णव संप्रदायों को एक-दूसरे के निकट लाने और दोनों के बीच समन्वय स्थापित करने की भावना जुड़ी है। हरिहर स्वरूप भारतीय सनातन परंपरा में शिव और विष्णु की एकात्मता का प्रतीक है।

यही वजह है कि सोनपुर में शैव, वैष्णव और शाक्त संप्रदाय के अनुयायी एक साथ कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-गंडक के संगम क्षेत्र में स्नान करते हैं और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य की कामना करते हैं।

गंगा और गंडक के तट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान, साधु-संतों की धुनी और धार्मिक अनुष्ठानों की परंपरा का उल्लेख विभिन्न पुराणों और श्रीमद्भागवत में मिलता है।

इस दौरान देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कोई संगम में डुबकी लगाता है तो कोई बाबा हरिहरनाथ के दरबार में माथा टेकता है।

आस्था के इस संगम में हरिहरनाथ मंदिर केवल पूजा का स्थल नहीं, बल्कि भारतीय धर्म-दर्शन में समन्वय और एकता की प्राचीन परंपरा का जीवंत प्रतीक बन जाता है।

पशुओं की खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरिहर क्षेत्र सोनपुर में पशुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी पावन भूमि पर गज और ग्राह के बीच युद्ध हुआ था। इस अद्भुत घटना के साक्षी बनने के लिए सभी देवी-देवता यहां प्रकट हुए थे।

पौराणिक प्रसंग के कारण इस धरती को विशेष धार्मिक महत्ता प्राप्त है। यहां भगवान शिव और विष्णु के संयुक्त स्वरूप बाबा हरिहरनाथ का प्रसिद्ध मंदिर भी है।

मान्यता है कि पूरे देश में यह विशिष्ट मंदिर है, जहां शिव और विष्णु एक ही विग्रह में विराजमान हैं। यही वजह है कि सोनपुर मेला केवल पशुओं के व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा का अनूठा संगम भी है।

हैजे की रोकथाम के लिए बने थे 27 टीकाकरण केंद्र

सोनपुर मेला केवल आस्था, पशु व्यापार और सांस्कृतिक परंपराओं का ही केंद्र नहीं रहा है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और महामारी नियंत्रण के लिहाज से भी इसका विशेष महत्व रहा है।

आजादी से पहले 1944 में सोनपुर मेले के दौरान हैजा (कालरा) के संक्रमण को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर अनिवार्य टीकाकरण अभियान चलाने की योजना बनाई गई थी।

इसके तहत पटना, हाजीपुर और सोनपुर मेला क्षेत्र में कुल 27 टीकाकरण केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। इस पूरी व्यवस्था पर 26,488 रुपये खर्च किए गए थे।

बिहार राज्य अभिलेखागार में संरक्षित ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार सोनपुर मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ के बीच संक्रामक बीमारियों की रोकथाम प्रशासन के लिए कितनी बड़ी चुनौती थी। सोनपुर मेले के दौरान अनिवार्य हैजा टीकाकरण योजना पर जोर दिया गया था।

योजना के तहत पटना, मुजफ्फरपुर और सारण जिले के मेला क्षेत्र तथा प्रमुख आवागमन मार्गों पर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए थे। इसमें पटना के दीघा घाट, महेंद्रू घाट, बांस घाट, रानी घाट और खाजेकला घाट शामिल थे।

वहीं, सारण जिले में सबसे अधिक 14 केंद्र स्थापित करने की योजना थी। इनमें पहलेजा घाट पर दो, सोनपुर में चार केंद्रों के अलावा छपरा-सोनपुर रोड, महुरा पुल, माही पुल, सोनपुर स्थायी डिस्पेंसरी, नखास मेला डिस्पेंसरी, मीना बाजार, कमल बाजार और बैलहट्टा मेला डिस्पेंसरी शामिल थे।

भीड़ के साथ बीमारी फैलने का था खतरा

सोनपुर मेले में बिहार ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु, व्यापारी, पशुपालक और ग्रामीण पहुंचते थे। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के दौरान गंगा-गंडक के संगम क्षेत्र में भारी भीड़ जुटती थी।

ऐसे में हैजा जैसी संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने टीकाकरण को अनिवार्य बनाने की पहल की थी। घाटों, रेलवे स्टेशन, प्रमुख सड़कों और मेला परिसर में केंद्र बनाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाना था।

करीब आठ दशक पहले भी सोनपुर मेला केवल आयोजन और उत्सव नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन की एक बड़ी प्रशासनिक परीक्षा हुआ करता था।

मेले में 72 हजार से अधिक पशुओं का हुआ था आगमन

सोनपुर मेला केवल धार्मिक आस्था और पशु व्यापार का केंद्र ही नहीं, बल्कि अपने समय में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और लोकजीवन की विराट तस्वीर भी पेश करता था। इसकी ऐतिहासिक महत्ता का अंदाजा 1944 के एक सरकारी दस्तावेज से लगाया जा सकता है।

बिहार राज्य अभिलेखागार के रिपोर्ट के अनुसार द्वितीय विश्वयुद्ध के दौर में भी सोनपुर मेले का आकर्षण व्यापक था। 1944 में सोनपुर मेला 27 अक्टूबर को आरंभ होकर 11 नवंबर को समाप्त हुआ था।

उस दौरान अंग्रेजों ने रेलवे टिकटों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण यात्रियों की संख्या नियंत्रित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसका मेले के आकर्षण पर खास असर नहीं पड़ा।

उस दौरान 72 हजार से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पशुओं का आगमन हुआ था। मेले में बड़ी संख्या में लोग पैदल और देशी नावों से सोनपुर पहुंचे। रेलवे और सड़क परिवहन के अलावा जलमार्ग भी मेले तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम था।

उस दौरान मेले में दो लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। मेले में सबसे अधिक 62 हजार बैल बिक्री को आए थे। इसके अलावा घोड़े, हाथी, ऊंट से लेकर हिरण तक आकर्षण का केंद्र था।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला ड्यूटी के बीच छुट्टी मांगना पड़ा भारी, डीएम ने DPO का आवेदन किया Rejects; मेडिकल बोर्ड करेगा जांच

यह भी पढ़ें- रंग-बिरंगे घोड़ों की हिनहिनाहट से गूंजा सोनपुर, बिहार में 22 नवंबर से शुरू होगा एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।