विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रंग-बिरंगे घोड़ों की हिनहिनाहट से गूंजा सोनपुर, बिहार में 22 नवंबर से शुरू होगा एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:49 PM (IST)

सोनपुर मेले का घोड़ा बाजार घोड़ों की हिनहिनाहट से गुलजार है, जहां विभिन्न रंगों के घोड़े और खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है।  

सोनपुर मेला में पहुंचे घोड़े। फोटो जागरण

सोनपुर मेला में पहुंचे घोड़े। फोटो जागरण

HighLights

  1. सोनपुर मेले का घोड़ा बाजार घोड़ों से गुलजार।

  2. खरीदारों और दर्शकों की भीड़ घोड़ों को देखने पहुंची।

  3. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेले का भव्य उद्घाटन करेंगे।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का घोड़ा बाजार घोड़ों की हिनहिनाहट से गुलजार हो उठा है। मेले में प्रवेश करते ही घोड़ों की आवाज, टापों की गूंज और साईसों की पुकार सुनाई देने लगी है।

ऐसा लग रहा है मानो पूरा मेला घोड़ों के स्वागत में सज उठा हो। सोनपुर मेला जाने वाले मुख्य मार्ग के उत्तर स्थित आम के बगीचे में घोड़ा बाजार की रौनक देखते ही बन रही है।

बगीचे का कोना-कोना घोड़ों से भरा है। सफेद, काले, भूरे, चितकबरे और लाल-भूरे रंग के सैकड़ों घोड़े कतार में खड़े मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं। कोई गर्दन उठाकर हिनहिना रहा है, तो कोई मालिक के इशारे पर अपनी चाल दिखा रहा है।

घोड़ा बाजार में दर्शकों और खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी घोड़ों को करीब से देखने, उनकी चाल परखने और तस्वीरें खिंचवाने पहुंच रहे हैं। खरीदार घोड़ों की नस्ल, उम्र, चाल और कीमत को लेकर मालिकों से मोलभाव कर रहे हैं।

वहीं, घोड़ा मालिक भी अपने घोड़ों की खूबियां बताकर ग्राहकों को आकर्षित करने में जुटे हैं। बाहर से आए व्यापारियों के अनुसार, घोड़ों के पहुंचने का सिलसिला अभी जारी है।

आने वाले दिनों में और घोड़ों के पहुंचने से बाजार की रौनक बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल घोड़ा बाजार की चहल-पहल और खरीदारों की आवाजाही से सोनपुर मेले की पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवंत होती दिख रही है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का आगाज रविवार को भव्य तरीके से होगा। 32 दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम पांच बजे करेंगे।

समारोह में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के अलावा राजस्व, पर्यटन, कला-संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी शामिल होंगे।

विशिष्ट अतिथियों के आगमन, आवासन और समारोह स्थल तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वागत, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

यह भी पढ़ें- वैशाली के सोनपुर में सजी सुरो की महफिल, जीतने वाले को मिलेगा 1 लाख रुपये का इनाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।