वैशाली के सोनपुर में सजी सुरो की महफिल, जीतने वाले को मिलेगा 1 लाख रुपये का इनाम
सोनपुर मेले में 'सोनपुर आइडल सीजन-2' के ऑडिशन का शुभारंभ सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया।

‘सोनपुर आइडल सीजन-2’ का शुभारंभ। फोटो जागरण
HighLights
सोनपुर मेले में 'सोनपुर आइडल सीजन-2' ऑडिशन का शुभारंभ।
गायन प्रतिभाओं को मंच, स्थानीय कलाकारों को अवसर।
विजेताओं को एक लाख रुपये तक का आकर्षक पुरस्कार।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में शनिवार को ‘सोनपुर आइडल सीजन-2’ के आडिशन का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
गायन के क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को मंच देना और स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को दो श्रेणियों में बांटा गया है।
जूनियर वर्ग में 5 से 17 वर्ष और सीनियर वर्ग में 18 से 40 वर्ष तक के प्रतिभागी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
ऑडिशन की निर्णायक मंडली में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संगीत विभागाध्यक्ष पंडित रामशंकर प्रसाद और पार्श्व गायक कंचनमय भट्टाचार्य शामिल हैं।
निर्णायक प्रतिभागियों के सुर, लय, गायन प्रतिभा और प्रस्तुति का मूल्यांकन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
29 नवंबर को क्वार्टर फाइनल, 20 दिसंबर को ग्रैंड फिनाले
प्रतियोगिता के आगामी चरणों की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। क्वार्टर फाइनल 29 नवंबर, सेमीफाइनल 15 दिसंबर और ग्रैंड फिनाले 20 दिसंबर 2026 को आयोजित होगा।
सोनपुर आइडल सीजन-2 के जरिए मेले को सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों का नया आकर्षण देने की पहल की गई है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले दर्शकों और पर्यटकों को पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक कला और संगीत की उभरती प्रतिभाओं से भी रूबरू होने का अवसर मिले।
प्रशासन इस आयोजन को स्थानीय प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मान रहा है।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में जाने से पहले जान लें नया ट्रैफिक रूट, 23 से 25 नवंबर तक वाहनों की NO ENTRY