सोनपुर मेले में जाने से पहले जान लें नया ट्रैफिक रूट, 23 से 25 नवंबर तक वाहनों की NO ENTRY
विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए 22 से 28 नवंबर तक नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। 23 से 25 नवंबर तक सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं, साथ ही पुराने गंडक पुल पर भी विशेष व्यवस्था रहेगी।

बड़े वाहनों को घूमकर जाना होगा
डिजिटल डेस्क, पटना। Sonpur Mela Traffic Plan 2026: विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन ने यातायात का पूरा गणित बदल दिया है। अगर आप 23 से 25 नवंबर के बीच हाजीपुर, सोनपुर या गंगा स्नान के लिए निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें।
इन तीन दिनों में शहर में सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, पुराने गंडक पुल पर भी पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अलग-अलग व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रशासन ने सारण और वैशाली दोनों जिलों में विशेष रूट डायवर्जन की तैयारी की है।
22 नवंबर को मुख्यमंत्री के आगमन पर बदलेगा रास्ता, बड़े वाहनों को घूमकर जाना होगा
सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए 22 नवंबर को भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। जिलाधिकारी, सारण के आदेश के अनुसार दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा।
इस दौरान छपरा से सोनपुर की ओर आने वाले वाहनों को महात्मा गांधी सेतु के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, छपरा से हाजीपुर आने वाले बड़े वाहनों को मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज और भगवानपुर थाना होकर गुजरना होगा। इन वाहनों को हाजीपुर शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
पटना से छपरा जाने वालों के लिए भी जारी हुआ नया रूट
पटना से महात्मा गांधी सेतु के रास्ते आने वाले बड़े वाहनों को रामाशीष चौक से भगवानपुर थाना की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ये वाहन लालगंज, अंबारा और रेवा घाट होते हुए छपरा पहुंचेंगे।
यह रूट व्यवस्था केवल बड़े वाहनों के लिए निर्धारित की गई है। नए गंडक पुल यानी एनएच-19 पर छोटे वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को यात्रा से पहले अपने रास्ते की जानकारी रखना जरूरी होगा।
23 से 25 नवंबर तक हाजीपुर शहर में वाहनों की नो एंट्री
कार्तिक पूर्णिमा स्नान और सोनपुर मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 23 से 25 नवंबर तक शहर में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान सामान्य वाहनों को शहर में जाने की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि, मेला कार्य में लगे सरकारी वाहनों और एंबुलेंस को परिचालन की छूट दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करना और स्नान घाटों तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।
पुराने गंडक पुल पर नहीं चलेंगे चारपहिया और दोपहिया वाहन
हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल पर भी विशेष व्यवस्था लागू की गई है। सौ साल से अधिक पुराने इस पुल का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले से ही भारी वाहनों का परिचालन बंद है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 23 नवंबर से पुल का मुख्य सड़क मार्ग और दोनों तरफ के पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 26 नवंबर को शाम पांच बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान पुल पर सभी प्रकार के चारपहिया और दोपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
सोनपुर से हाजीपुर लौटने वाले पैदल यात्रियों को रखना होगा ध्यान
पुल पर आवाजाही की व्यवस्था एकतरफा रहेगी। निर्धारित अवधि में हाजीपुर से सोनपुर की ओर जाने वाले श्रद्धालु मुख्य सड़क मार्ग और दोनों पैदल लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे। लेकिन सोनपुर से हाजीपुर की ओर लौटने वाले पैदल यात्रियों के लिए यह रास्ता बंद रहेगा।
ऐसे में स्नान और दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन की ओर से निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
26 नवंबर से पुल पर फिर बदलेगा पैदल आने-जाने का रास्ता
26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से पुराने गंडक पुल पर पैदल आवाजाही की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इस दिन पुल का बीच वाला मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर आने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं, पुल के दोनों तरफ बने पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 28 नवंबर तक लागू रहेगी।
प्रशासन की अपील, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान
सोनपुर मेला, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। सारण और वैशाली प्रशासन आपसी समन्वय से व्यवस्था संभालेंगे।
प्रशासन ने आम लोगों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस के निर्देशों का पालन करें और यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि मेले और स्नान के दौरान जाम या परेशानी का सामना न करना पड़े।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।