विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चवन्नी में नाव का सफर, बाईजी के नाच और 27 रुपये में भरपेट खाना; 60 साल में कितना बदल गया सोनपुर मेला

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:43 PM (IST)

Sonpur Mela: प्रो. रत्नेश्वर मिश्र ने 1964-66 के सोनपुर मेले और पटना के जनजीवन, खान-पान व यातायात में आए बदलावों को साझा किया है। 

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. सोनपुर मेला पशु मेले से मनोरंजन केंद्र में बदला।

  2. पटना में यातायात, खान-पान और मनोरंजन में बदलाव।

  3. प्रो. रत्नेश्वर मिश्र ने 1964-66 के संस्मरण साझा किए।

जागरण संवाददाता, पटना। समय के साथ शहरों और परंपराओं के स्वरूप में तेजी से बदलाव आया है, लेकिन अतीत की स्मृतियां आज अनुभवों में जीवित हैं। समय के साथ शहर को बदलते देखा है।

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त इतिहास शिक्षक और विभागाध्यक्ष प्रो. रत्नेश्वर मिश्र ने अपने संस्मरणों के बारे में बताते हैं कि 1964-66 के दौर में सोनपुर मेले और पटना के जनजीवन, खान-पान, यातायात तथा सांस्कृतिक गतिविधियां आज से अलग थी।

वे बताते हैं कि 1964-66 के दौरान सोनपुर मेले जाने का अवसर मिला था। उन दिनों पटना विश्वविद्यालय में एमए का छात्र था। रानी घाट स्थित छात्रावास में रहा करते थे। उन दिनों सोनपुर मेला मुख्य रूप से पशु मेले के रूप में देखा जाता था और एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता था, जिसके अनुरूप वहां बड़ी संख्या में पशु आते थे।

SONPUR MELA

विभागाध्यक्ष प्रो. रत्नेश्वर मिश्र। (जागरण)

उन्हीं दिनों मेले में एक बड़ा बदलाव भी दिखने लगा था, जब थिएटर, नौटंकी, बाईजी का नाच, खेल-तमाशा और करतब का आकर्षण बढ़ने लगा और पशुओं का आकर्षण घटने लगा।

किसी मेले के बड़ा या छोटा होने में ऐतिहासिक और धार्मिक कारणों की बड़ी भूमिका होती है। सोनपुर मेले की प्राचीनता और धार्मिक महत्व भी रहा है। हरिहरनाथ मंदिर को स्वयं ब्रह्मा जी ने स्थापित किया था। ऐतिहासिक प्रमाण के आधार पर अकबर के नौ रत्नों में राजा मानसिंह ने मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था।

सौ वर्षों बाद प्रदेश के सूबेदार राजा रामनारायण ने भी इसे बनवाया और आगे बिड़ला सहित अन्य मदद से मंदिर का उद्धार होता रहा।

नदियों के संगम के कारण बढ़ा महत्व

बाबा हरिहरनाथ मंदिर शैव और वैष्णव परंपराओं के समन्वयात्मक स्वरूप के रूप में देखा जाता है, जबकि नदियों के संगम के तीर्थ महत्व के तहत गंगा और गंडक का संगम सोनपुर को विशेष बनाता है।

कुछ ऐतिहासिक मतों के अनुसार मगध सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य अपनी सेना के लिए हाथी-घोड़े वहीं से खरीद कर मंगवाते थे। आज मेले में थिएटर और नौटंकी का महत्व अधिक दिखता है और ऐतिहासिक महत्व कम होता प्रतीत होता है, लेकिन हरिहरनाथ महादेव, गंगा-गंडक संगम और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के कारण धार्मिक महत्व अब भी कायम है।

नाव और स्टीमर था साधन

सोनपुर मेले जाने के लिए आरंभ के दिनों में लोग नाव और स्टीमर का सहारा लेकर जाते थे। महेंद्रू से पहलेजा घाट जाकर वहां से घोड़ा गाड़ी के जरिए सोनपुर मेला पहुंचते थे। आज समय के साथ शहर भी बदला है। आज जयप्रकाश सेतु के रास्ते सोनपुर पहुंचना बेहद आसान हो गया है और आवागमन न पहले कठिन था, न अब है।

नाव या स्टीमर के भाड़े दो चार आने थे। वहीं मेले में रात गुजारने वाले लोग होते थे। जो आज भी है। थिएटर दिखने के लिए लोग ठहरते थे।

वहीं, पटना शहर में पहले रिक्शा और बाद में सरकारी बस एक स्थान से दूसरे स्थान जाने के लिए प्रमुख साधनों में था। अशोक राजपथ से बेली रोड नेहरु पथ आने के लिए आठ से 12 आना रिक्शा भाड़ा लगता था। वहीं, कालेज के छात्रावास में 26-27 रुपये में दोनों वक्त का भोजन मिलता था।

पिंटू होटल था लोकप्रिय

बाहरी भोजन स्थलों में पटना कॉलेज के सामने पिंटू होटल उन दिनों काफी लोकप्रिय हुआ करता था। वहीं आगे दीपक होटल नाश्ते के लिए मशहूर था। गांधी मैदान के पास सोडा फाउंटेन में बड़ी छतरियों के नीचे दोस्तों के साथ भोजन करना खास होता था।

हालांकि अब शहर के चारों ओर बड़े-बड़े रेस्तरां, होटल आदि खुल गया है। वहीं, मनोरंजन के लिए सिनेमाघर हुआ करता था। उन दिनों लेडी स्टीफेंस हाल, भारतीय नृत्य कला मंदिर, आइएमए हाल आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए प्रमुख स्थान होता था।

बाद के दिनों में कालिदास रंगालय, विद्यापति भवन, प्रेमचंद रंगशाला, बापू टावर, ज्ञान भवन, श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में भी कार्यक्रम होने लगे।

पहले की तुलना में अब इन स्थानों पर अधिक कार्यक्रम आयोजित होने लगे। सिनेमा के अलावा लोग अब शहरों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने लगे हैं। लोगों में लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति रूचि बढ़ी है।

यह भी पढ़ें- हाथी-मगरमच्छ के युद्ध से लेकर राजघरानों की शाही घुड़दौड़ तक, ब्रिटिश पत्रकार ने खोले सोनपुर मेले के अनकहे राज

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला: कार्तिक पूर्णिमा की भीड़ को लेकर GRP अलर्ट, स्टेशन पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तैनात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।