विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथी-मगरमच्छ के युद्ध से लेकर राजघरानों की शाही घुड़दौड़ तक, ब्रिटिश पत्रकार ने खोले सोनपुर मेले के अनकहे राज

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:17 PM (IST)

ब्रिटिश पत्रकार हैरी ई. एबाट की पुस्तक 'सोनपुर रेमिनिसेंसेज' के अनुसार, 19वीं सदी में सोनपुर मेला भारतीय घुड़दौड़ और यूरोपीय सामाजिक जीवन का प्रमुख केंद्र था, जिसे 'भारत का गुडवुड' कहा जाता था।  

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। आज पशु व्यापार और लोक संस्कृति के लिए विश्वविख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला 19वीं सदी में भारतीय घुड़दौड़ (टर्फ) और यूरोपीय सामाजिक जीवन का प्रमुख केंद्र हुआ करता था।

वर्ष 1860 और 1870 के दशक में अपनी भव्यता के कारण इसे 'भारत का गुडवुड' कहा जाता था। इंग्लैंड के प्रसिद्ध रेसकोर्स गुडवुड की तर्ज पर सोनपुर को घोड़ों की नस्ल, घुड़दौड़ और घुड़सवारी संस्कृति का प्रतिष्ठित केंद्र माना जाता था।

इस गौरवशाली अतीत का विस्तृत उल्लेख ब्रिटिश लेखक और पत्रकार हैरी ई. एबाट की वर्ष 1896 में कलकत्ता के स्टार प्रेस से प्रकाशित पुस्तक 'सोनपुर रेमिनिसेंसेज : ईयर्स 1840-96' में मिलता है।

311 पृष्ठों और 42 अध्यायों वाली यह पुस्तक पहले एबाट के संपादन में 'इंडियन प्लांटर्स गजट' में धारावाहिक रूप से प्रकाशित हुई थी।

भारत में 35 वर्षों से अधिक समय बिताने वाले एबाट के लिए सोनपुर मेले का महत्व वैसा ही था, जैसा यूरोपीय परिवारों के लिए क्रिसमस का होता है। उन्होंने यह पुस्तक अपने मित्र और प्रसिद्ध घुड़सवार जेजे मैक्लियोड को समर्पित की थी।

एबाट के अनुसार, सोनपुर में यूरोपीय जमावड़े की शुरुआत प्रशासनिक और व्यावसायिक गतिविधियों से हुई थी। स्थानीय ब्रिटिश अधिकारी मेले की व्यवस्था और सफाई का निरीक्षण करने पहुंचते थे, जबकि नील बागान मालिक (इंडिगो प्लांटर्स) उत्तम नस्ल के घोड़ों की खरीदारी के लिए आते थे।

धीरे-धीरे यह आयोजन देश के प्रतिष्ठित सामाजिक मेल-मिलाप का केंद्र बन गया। मेले में तीन दिन की घुड़दौड़, तीन नृत्य-संध्याएं, क्रिकेट, टेनिस, पोलो और जिमखाना जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र थीं।

हालांकि, बाद के वर्षों में लाल सरैया, जैंटपुर और बड़हौली के स्थानीय अस्तबल बंद होने तथा लखनऊ और कलकत्ता की रेस बैठकों का आकर्षण बढ़ने से सोनपुर की घुड़दौड़ परंपरा का संरक्षण कमजोर पड़ने लगा।

हाजीपुर से सोनपुर पहुंचा था रेसकोर्स

पुस्तक के अनुसार, वर्ष 1839 से पहले घुड़दौड़ का आयोजन गंडक नदी के तिरहुत किनारे स्थित हाजीपुर में होता था। नदी के कटाव से मैदान नष्ट हो जाने के कारण सोनपुर के आम के बगीचों के बीच नया रेसकोर्स तैयार किया गया।

वर्ष 1839 में यहां पहली बार ''द सोनपुर पार्क मीटिंग'' के नाम से आयोजन हुआ। इसमें स्टड अधिकारियों की ओर से दिया गया ''सिल्वर ब्रेकफास्ट सेट'' मि. फ्रेजर ने जीता।

राजघरानों ने बढ़ाया घुड़दौड़ का गौरव

वर्ष 1840 तक हथुआ के महाराजा छत्तरधारी साही बहादुर, बेतिया के राजा नवल किशोर सिंह बहादुर, डुमरांव और दरभंगा के महाराजाओं ने रेस विजेताओं को कप प्रदान करना शुरू कर दिया था।

वर्ष 1844 में कैप्टन लवट, मि. डीवाक्स और मि. लवेल प्रमुख विजेता रहे। वहीं, मैक्लियोड ने अपने भूरे अरबी घोड़े ''ग्रेगर'' के साथ ''लेडीज पर्स'' रेस जीती।

वर्ष 1845-46 में तिरहुत की जीतवारपुर नील कोठी के प्रबंधक मि. शरमन ''मि. नमरेह'' के छद्म नाम से घुड़दौड़ में हिस्सा लेते थे।

गज-ग्राह की पौराणिक कथा से जुड़ी है मेले की पहचान

एबाट ने मेले की धार्मिक पृष्ठभूमि और भौगोलिक विस्तार का भी उल्लेख किया है। गंगा और गंडक के पवित्र संगम पर स्थित इस क्षेत्र का संबंध गज-ग्राह की पौराणिक कथा से जोड़ा गया है।

हाथी और मगरमच्छ के युद्ध के बाद भगवान विष्णु (हरि) और भगवान शिव (हर) के मिलन की स्मृति में यहां हरिहरनाथ मंदिर स्थापित हुआ। स्थानीय भाषा में ''छत्तर'' का अर्थ सभा या जमावड़ा होता है।

इसी से इसका नाम ''हरिहर छत्तर मेला'' पड़ा। उस दौर में मेला उत्तर-दक्षिण में करीब तीन मील और पूर्व-पश्चिम में दो मील के क्षेत्र में फैला था। हरिहरनाथ मंदिर के अलावा काली स्थान और पंच देवता मंदिर भी प्रमुख आस्था केंद्र थे।

यूरोपीय शिविर में फैला था हैजा, खबर रखी गई गुप्त

मेले के पुराने अभिलेखों की कमी पर एबाट ने खेद जताया है। उनके अनुसार, उस समय औपचारिक ''टर्फ क्लब'' नहीं था। घुड़दौड़ के आंकड़े कई सप्ताह बाद स्मृति के आधार पर ''द स्पोर्टिंग रिव्यू'' को भेजे जाते थे। यही वजह थी कि उन्हें पुस्तक का संकलन करने में छह महीने लगे।

एबाट ने एक ऐसी घटना का भी उल्लेख किया है, जिसे सार्वजनिक नहीं किया गया था। एक बैठक के दौरान यूरोपीय शिविर में हैजा (कालरा) फैल गया था। इस संक्रमण से तीन-चार सेवकों और दरभंगा बैंड के एक सदस्य की मृत्यु हो गई थी।

मेले में दहशत न फैले, इसलिए इस घटना को पूरी तरह गुप्त रखा गया। राहत की बात रही कि संक्रमण मेले के मुख्य भारतीय हिस्से तक नहीं पहुंचा।

हैरी ई. एबाट के संस्मरण सोनपुर मेले के उस गौरवशाली अतीत की झलक देते हैं, जब यह केवल पशुओं की खरीद-बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि धर्म, खेल, औपनिवेशिक समाज और भारतीय राजघरानों की साझा विरासत का जीवंत संगम था।

यह भी पढ़ें- रंग-बिरंगे घोड़ों की हिनहिनाहट से गूंजा सोनपुर, बिहार में 22 नवंबर से शुरू होगा एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।