Bihar Politics: चुनाव से पहले फिर चर्चा में क्यों आया चारा घोटाला? सम्राट चौधरी के बयान से गरमाई सियासत
बिहार में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए बहुचर्चित चारा घोटाले को लेकर नए सिरे से राजनीति जोर पकड़ने लगी है। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हम हर संभव उपाय कर रहे हैं कि चारा घोटाले की राशि बिहार सरकार के खजाने में वापस आ सके। उन्होंने कहा कि जरुरत पड़ी तो कोर्ट भी जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव को देखते हुए बहुचर्चित चारा घोटाले को लेकर नए सिरे से राजनीति जोर पकड़ने लगी है। राजद प्रमुख लालू यादव के साथ ही विपक्ष को घेरने के लिए सत्ता पक्ष ने घोटाला की राशि 950 करोड़ रुपये वसूलने के लिए हर संभव पहल की घोषणा कर राजनीति तपिश बढ़ा दी है।
उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हम हर संभव उपाय कर रहे हैं, ताकि यह राशि बिहार सरकार के खजाने में वापस आ सके। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कोर्ट जाएंगे, जांच एजेंसियों से भी बात करेंगे।
सरकारी खजाने में लौटना चाहिए चारा घोटाले का पैसा
उन्होंने कहा कि चारा घोटाले का पैसा हर हाल में सरकारी खजाने में लौटना चाहिए। सिर्फ जेल और बेल के खेल से काम नहीं चलने वाला है। यह खेल भ्रष्टाचारी लोग खेलते हैं, जो जनता के बीच रहनुमा बनने का ढोंग करते हैं और सरकारी पैसे को लूटकर जनता को गुमराह करते हैं।
ऐसे लोगों का उद्भेदन होना चाहिए, उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। घोटाला की राशि जनता के खजाने में वापस लाया जाना चाहिए। जनता का पैसा जनता के काम आए, इसकी संपूर्ण व्यवस्था सरकार को सुनिश्चित करेगी।
भ्रष्टाचार में डूबा है परिवार
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा एक परिवार भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और पीढ़ी दर पीढ़ी इसमें लिप्त रहा है। भ्रष्ट लोग जनता की सहानुभूति पाने के लिए कभी जाति का कार्ड खेलते हैं, तो कभी खुद को मासूम साबित करने का नाटक करते हैं।
उन्होंने कहा कि अब इनके खेल को जनता समझ चुकी है। चाहे चारा घोटाले की रकम हो या किसी अन्य घोटाले की, हर हाल में वह पैसा जनता के खजाने में वापस आना चाहिए।
सभी धर्मों का सम्मान करते हैं पीएम मोदी : प्रभाकर मिश्र
वहीं, दूसरी ओर पटना में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने कहा कि पीएम मोदी देश के सच्चे अभिभावक हैं। एक सजग एवं फिक्रमंद अभिभावक की तरह वे सभी धर्म और सभी वर्ग के लोगों का ख्याल रखते हैं।
ईद पर 32 लाख गरीब मुस्लिम भाइयों को 'सौगात-ए-मोदी' किट दिया जा रहा है ताकि कोई भी गरीब मुस्लिम भाई ईद की खुशी से महरूम न रहें। ईद की खुशियां हर गरीब के आशियाने तक पहुंचे।
भाजपा की ओर से चलाए जा रहे 'सौगात-ए-मोदी' अभियान से गरीबों तक जरूरत की सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की तरफ से भी जिला स्तर पर ईद मिलन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
अल्पसंख्यक मोर्चे के 32 हजार पदाधिकारी 32 हजार मस्जिदों से सम्पर्क कर 32 लाख जरूरतमंदों को 'सौगात-ए-मोदी' किट के माध्यम से उपहार स्वरूप सेवइयां, खजूर, कपड़े और अन्य जरुरत के सामान उपलब्ध करा रहे हैं।
मोदी और भाजपा के इस नेक कार्य से मुस्लिमों को गुमराह करने वाले विपक्षी दलों के नेताओं की बोलती बंद हो गई है। मुस्लिम भाइयों को भी यह समझने में देर नहीं लगेगी कि पीएम मोदी एवं भाजपा ही उनकी असली हितैषी हैं।
यह भी पढें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।