विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! मोमोज के नाम पर खिला रहे सड़ा चिकन, पटना में फूड सेफ्टी टीम की जांच में चौंकाने वाले खुलासे

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:38 AM (IST)

पटना में खाद्य संरक्षा विभाग की जांच में मोमो प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सड़ा चिकन, जला तेल, गंदगी ...और पढ़ें

खाद्य संरक्षा इकाई की छापामारी। फोटो जागरण

खाद्य संरक्षा इकाई की छापामारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. द मोमोज कैफे से 22 किलो सड़ा चिकन बरामद हुआ।

  2. वाउ मोमो में 21 लीटर जला हुआ तेल नष्ट किया।

  3. सिटी मोमो सेंटर बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था।

जागरण संवाददाता, पटना। मोमो खाने के शौकीन हैं तो सावधान रहे, यह स्ट्रीट फूड आपको बीमार कर सकता है। खाद्य संरक्षा विभाग की जांच में लोकप्रिय मोमो प्रतिष्ठानों की रसोई में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई हैं।

कहीं मोमो बनाने के लिए सड़ा हुआ चिकन रखा था, तो कहीं बार-बार इस्तेमाल से जल चुके तेल में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी।

कई प्रतिष्ठानों में गंदगी, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को एक साथ रखने तथा जरूरी लाइसेंस और स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं होने जैसी कमियां मिलीं।

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे में 22 किलो सड़ा चिकन बरामद कर मौके पर नष्ट कराया।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद कराया गया। वहीं, सिटी सेंटर माल स्थित वाउ मोमो की जांच में 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट किया गया।

पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में वैध अनुज्ञप्ति नहीं मिलने पर मोमो का निर्माण और बिक्री बंद कराई गई।

गंदे डीप फ्रीजर तक में लापरवाही

कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे की रसोई के साथ डीप फ्रीजर में बहुत गंदगी पाई गई। उसमें तापमान प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी नहीं थी।

22 किलो सड़ा चिकन मिलने पर टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट कराया। वेज-नानवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी थी और तैयार नानवेज खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि नहीं थी।

प्रतिष्ठान में खाद्य अनुज्ञप्ति की प्रति प्रदर्शित नहीं थी और शेड्यूल-4 के स्वच्छता मानकों का भी उल्लंघन पाया गया। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की है।

वहीं, पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के चल रहा था। खाद्य सामग्री के भंडारण और साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिली।

शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने सात दिनों के भीतर लाइसेंस लेने का निर्देश देते हुए तब तक मोमो निर्माण व बिक्री पर रोक लगा दी है।

वाउ मोमो में जला तेल, सॉस का नमूना जांच को भेजा

लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर माल की तीसरी मंजिल पर संचालित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना की जांच में भी खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। वाउ मोमो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की इस इकाई में बार-बार इस्तेमाल किए जाने से जला हुआ खाद्य तेल मिला।

टीम ने 21 लीटर तेल नष्ट कराया। इंडो चिली सास बेस का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सुधार नोटिस जारी किया गया है। 14 दिनों में कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- '3-4 बच्चे पैदा करें', छत्तीसगढ़ में गिरती प्रजनन दर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई चिंता 

यह भी पढ़ें- सूरज ढलते ही शुरू हुई पढ़ाई, बिहार के 38 जिलों में लगीं शाम की क्लास; 7:30 बजे तक पढ़ेंगे बच्चे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।