सूरज ढलते ही शुरू हुई पढ़ाई, बिहार के 38 जिलों में लगीं शाम की क्लास; 7:30 बजे तक पढ़ेंगे बच्चे
छठ अवकाश के बाद बिहार के सभी 38 जिलों में 'संकल्प संध्या' पहल के तहत सरकारी विद्यालयों में शाम की ...और पढ़ें

पटना के तीन विद्यालय बने पहल के प्रमुख केंद्र
अक्षय पांडेय, पटना। छठ अवकाश के बाद मंगलवार को सरकारी विद्यालयों के द्वार फिर खुले, लेकिन इस बार पढ़ाई का समय कुछ अलग था। सुबह की चहल-पहल के लिए पहचाने जाने वाले विद्यालयों के परिसर शाम ढलने के बाद भी विद्यार्थियों की आवाजाही से गुलजार रहे। कहीं विद्यार्थी पुस्तकों के साथ अपनी जिज्ञासाओं का समाधान तलाशते दिखे तो कहीं शिक्षक उनकी शैक्षणिक कठिनाइयों को दूर करते नजर आए।
सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की अधिगम क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई 'संकल्प संध्या' मंगलवार से धरातल पर उतर गई। पटना सहित प्रदेश के सभी 38 जिलों में एक साथ सांध्यकालीन कक्षाओं का शुभारंभ हुआ।
पटना के तीन विद्यालय बने पहल के प्रमुख केंद्र
राजधानी पटना में तीन चयनित विद्यालयों को इस पहल का केंद्र बनाया गया है। इनमें दरियापुर गोला स्थित पटना कॉलेजिएट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलघर स्थित बांकीपुर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और दानापुर स्थित बलदेवा उच्च विद्यालय शामिल हैं।
पटना कॉलेजिएट में क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) अमित कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी की उपस्थिति में कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। पहले दिन तीनों विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। पटना कॉलेजिएट में 100 से अधिक विद्यार्थी कक्षा में शामिल हुए।
विद्यार्थियों को दी गई स्टेशनरी और स्कूल बैग
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सरिता शर्मा ने विद्यार्थियों के बीच स्टेशनरी सामग्री और स्कूल बैग वितरित किए। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सैफुर रहमान और बिपिन पासवान ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने इस पहल को अपनी पढ़ाई में सुधार का बेहतर अवसर बताते हुए इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि शाम की इन विशेष कक्षाओं से विद्यार्थियों की विषयगत समझ मजबूत होगी और उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार आएगा।
31 मार्च तक चलेगा शैक्षणिक अभियान
प्रदेश के अन्य जिलों में भी अधिकारियों की उपस्थिति में 'संकल्प संध्या' का शुभारंभ किया गया। नालंदा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के एसडीपी नवदीप शुक्ला, बक्सर में माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह, वैशाली में टेक्स्ट बुक के एमडी यतेंद्र कुमार पाल और भोजपुर में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने कक्षाओं का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत सरकारी विद्यालयों में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। शैक्षणिक अभियान अगले वर्ष 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा।
शाम पांच से 7:30 बजे तक होगी पढ़ाई
सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन प्रतिदिन शाम पांच बजे से 7:30 बजे तक किया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए विद्यार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। उपचारात्मक (रेमेडियल) शिक्षण के तहत अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की पढ़ाई को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों को दूर करने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीकी शिक्षा से परिचित कराना है।
स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल संसाधनों से होगा शिक्षण
कक्षाओं को अधिक सहज, संवादपरक और प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों को समझने और कठिन अवधारणाओं को आत्मसात करने में मदद मिलेगी।
'संकल्प संध्या' के माध्यम से नियमित पढ़ाई के अतिरिक्त विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना है। इससे उनकी बुनियादी समझ मजबूत करने और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।