राजद ने खुद कराई जांच में किया दावा, महिला की दुष्कर्म के बाद की गई हत्या; तेजाब उड़ेल शव जलाया
राजद की नौ सदस्यीय टीम ने नवगछिया में महिला के साथ हुए कुकृत्य की अपने स्तर से उस जांच की। मंगनीलाल मंडल ने कहा कि सामंती प्रवृत्ति के अपराधियों ने अति-पिछड़ा वर्ग की गरीब महिला की हत्या की है।

राजद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में (बाएं से) सांसद मीसा भारती, मंगनीलाल मंडल और तेजस्वी यादव। जागरण।
राज्य ब्यूरो, पटना। नवगछिया में 14 जून को एक महिला की हत्या कर दी गई थी। राजद की नौ सदस्यीय टीम ने अपने स्तर से उस प्रकरण की जांच की। गुरुवार को प्रेस-वार्ता कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि सामंती प्रवृत्ति के अपराधियों ने अति-पिछड़ा वर्ग की गरीब महिला की हत्या की है।
हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ और शव पर तेजाब भी उड़ेला गया। दोनों पैर चीर दिए गए थे। 24 जून को घटनास्थल पर पहुंची जांच टीम को महिला के पुत्र-पुत्रवधू से इसकी जानकारी मिली। मंगनीलाल ने कहा कि पुलिस-प्रशासन, अपराधी और राजनेताओं का नापाक गठबंधन इस मामले को रफा-दफा करने में लगा है।
प्राथमिकी सही तरीके से नहीं हुई। स्वजन जिसे मुख्य आरोपित बता रहे उसका नाम प्राथमिकी मेंं नहीं। दुष्कर्म व तेजाब का उल्लेख नहीं। नियमानुसार पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया जाना चाहिए, जिसका अभी तक अनुपालन नहीं हुआ। पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो राजद चुप नहीं बैठेगा। पीड़ित परिवार को राजद अपने खर्च से वरीय वकील की सेवा उपलब्ध कराएगा।
मंगनीलाल ने कहा कि 2017 के बाद से 17 से अधिक ऐसे मामले हैं, जिनमेंं दुष्कर्म के बाद अनुसूचित जाति, पिछड़ा व अति-पिछड़ा समाज की बहू-बेटी की हत्या कर दी गई, लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। प्रेस-वार्ता में कांति सिंह, रणविजय साहू, बीनू यादव, अरुण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा, मदन शर्मा व अरविंद सहनी उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।