बदुआ नदी तट पर रिवर फ्रंट का काम 10 दिनों में शुरू, तिलडीहा स्थित मां दुर्गा मंदिर और आसपास के गांव बाढ़ से होंगे सुरक्षित
बांका के तिलडीहा में मां दुर्गा मंदिर के पास बदुआ नदी पर रिवर फ्रंट बनेगा। लगभग 15 करोड़ की इस योजना से बाढ़ नियंत्रण होगा और मंदिर सुरक्षित रहेगा। नदी तट का सौंदर्यीकरण होगा जिसमें सीढ़ी घाट हरित क्षेत्र और लाइटिंग शामिल हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बांका जिला में शंभूगंज प्रखंड के तिलडीहा गांव स्थित प्रसिद्ध मां दुर्गा मंदिर के पास बदुआ नदी तट पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और पक्का निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना पर 14 करोड़ 99 लाख 74 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। अगले 10 दिनों में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मंगलवार को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि यह योजना बाढ़ नियंत्रण के साथ मंदिर और उस परिक्षेत्र के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की है। बांका और मुंगेर की सीमा पर बहने वाली बदुआ नदी से प्रतिवर्ष बाढ़ का खतरा रहता है और तिलडीहा स्थित मां दुर्गा मंदिर एवं आसपास के गांवों को नुकसान का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित पक्के बंधों और सुरक्षा दीवारों के निर्माण से अब मंदिर और ग्रामीण क्षेत्र सुरक्षित रहेंगे।
इस योजना के अंतर्गत नदी तट का सुंदरीकरण और पर्यटन के दृष्टिकोण से दूसरे विकास कार्य होंगे। इसमें आधुनिक और सुरक्षित सीढ़ी घाट, हरित क्षेत्र, सजावटी लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, नदी किनारे पैदल पथ और जागिंग ट्रैक का निर्माण सम्मिलित हैं। साथ ही नदी की सफाई और कचरा हटाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना और स्नान का अवसर मिल सकेगा। नवरात्र में यहां हजारों श्रद्धालु बिहार, झारखंड, बंगाल और उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से आते हैं, तब यह रिवर फ्रंट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
सम्राट ने कहा कि एनडीए सरकार धार्मिक पर्यटन को लगातार बढ़ावा दे रही है। हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी में लगभग एक हजार करोड़ की योजना से पुनौराधाम मंदिर का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 550 करोड़ की लागत से वैशाली में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप का उद्घाटन किया। अब तिलडीहा स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां दुर्गा मंदिर के पास बदुआ नदी तट पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट एवं पक्का निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।