Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजगीर के विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे 4 पवेलियन, पुणे और मोकामा की मिट्टी से बनेंगी 13 पिच

    Updated: Mon, 09 Jun 2025 11:33 AM (IST)

    मोकामा की काली मिट्टी से बनी राजगीर क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर गेंद व बल्ले का संघर्ष देखने को मिलेगा। बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी परिसर में विश्वस्तरीय मानक के अनुसार आकार ले रहे स्टेडियम में मोकामा की काली मिट्टी से सात पिच तैयार की जा रही है। स्टेडियम में 38900 दर्शकों के बैठने की सुविधा होगी।

    Hero Image
    मोकामा की काली मिट्टी व पुणे की लाल मिट्टी से तैयार पिच। सौ. भवन निर्माण एजेंसी।

    जितेंद्र कुमार, पटना। राजगीर के विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम में मोकामा की काली मिट्टी से बनी पिच पर शीघ्र ही गेंद व बल्ले का संघर्ष देखने को मिलेगा। पिच पर उछलती गेंद पर चलते बल्ले दर्शकों में रोमांच भरेंगे। राजगीर के बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी परिसर में विश्वस्तरीय मानक के अनुसार आकार ले रहे स्टेडियम में मोकामा की काली मिट्टी से सात पिच तैयार की जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्टेडियम में 38,900 दर्शकों के बैठने की क्षमता

    शेष छह पिच पुणे की लाल मिट्टी से तैयार होगी। स्टेडियम में 38,900 दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले चार पवेलियन का निर्माण अंतिम चरण में है, इनमें दो सामान्य दर्शकों के लिए होंगे। प्ले ग्राउंड के दक्षिण में मुख्य पवेलियन पांच तल का होगा।

    पवेलियन में फूड कोर्ट, लिफ्ट और प्रसाधन घर

    शेष तीन पवेलियन दो तल के होंगे। सभी पवेलियन में फूड कोर्ट, लिफ्ट और प्रसाधन घर की सुविधा होगी। प्रत्येक सामान्य पवेलियन का क्षेत्रफल 13,520 वर्गमीटर रखा गया है। रिजर्व पवेलियन 10,983 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। 

    काली मिट्टी से बन रही पिच पर घास उगाई जा रही

    जानकार बताते हैं कि मोकामा की काली मिट्टी में चिकनाई अधिक होती है, इस कारण इससे तैयार पिच को क्रिकेट के लिए आदर्श माना जाता है। इन दिनों काली मिट्टी से बन रही पिच पर घास उगाई जा रही है। प्ले ग्राउंड के मध्य में एक तरफ लाल और दूसरी ओर काली मिट्टी की पिच बनाई जा रही है। 

    खिलाड़ी, अंपायर, मीडिया व विशिष्टों के लिए व्यवस्था

    मुख्य पवेलियन में खिलाड़ियों, अंपायर, मीडिया और विशिष्ट लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। जिम, स्पा, लांड्री, फिजियो रूम के साथ चिकित्सा केंद्र की सुविधा रहेगी। थर्ड एंपायर और कैमरा प्लेटफार्म के अलावा टीवी और रेडियो कमेंट्री रूम भी होंगे। कारपोरेट बाक्स, निजी बालकनी युक्त सूइट और टेरेस का भी आनंद ले सकेंगे। पांच तल का मुख्य पवेलियन 14,295 वर्गमीटर क्षेत्र का होगा।