राघोपुर नाव हादसा: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, बच्चों का हाल जानने NMCH पहुंचे चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राघोपुर नाव हादसे में घायल बच्चों का हाल जानने के लिए NMCH का दौरा किया। ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती बच्चा मरीज का हाल जानते केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान
HighLights
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने NMCH का दौरा किया।
राघोपुर नाव हादसे में घायल बच्चों से मिले मंत्री।
हादसे की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी(पटना)। राघोपुर नाव हादसे में घायल बच्चों का हाल जानने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान NMCH पहुंचे। यहां उन्होंने शिशु रोग विभाग में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्री ने अस्पताल अधीक्षक प्रो. डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, प्राचार्य प्रो. डॉ. उषा कुमारी और विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार से बच्चों के इलाज की जानकारी ली।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी बच्चों को स्वस्थ कर सुरक्षित घर भेजने की कोशिश की जाएगी।
अंधेरे में बिना सुरक्षा नाव से कैसे जा रहे थे बच्चे?
चिराग पासवान ने हादसे को दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि रात के अंधेरे में इतनी बड़ी संख्या में बच्चे बिना प्रशासनिक सुरक्षा के नाव से कैसे सफर कर रहे थे। हादसे के हालात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल सामने आए हैं, जिनकी जांच जरूरी है।
नाव की मांग किस स्तर पर हुई नजरअंदाज?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि ग्रामीणों ने नाव उपलब्ध कराने की मांग की थी। ऐसे में यह पता लगाया जाएगा कि मांग किस स्तर पर की गई और आखिर इसे नजरअंदाज क्यों किया गया।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
प्रधानमंत्री मोदी को भी दी गई घटना की जानकारी
चिराग पासवान ने कहा कि राघोपुर नाव हादसे की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी गई है। उन्होंने दोहराया कि घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है और घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच कराई जाएगी। मंत्री के मुताबिक, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को समझने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
