चर्चित शादी: राबड़ी की होने वाली बहू को राजनीति में दिलचस्पी नहीं, पढ़ने में हैं होशियार
राबड़ी देवी की होने वाली बहु ऐश्वर्या की राजनीति में दिलचस्पी नहीं है। वे पढ़ने में होशियार हैं और सामाजिक कार्यों में उनका मन ज्यादा लगता है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार के बेहद चर्चित राजनीतिक परिवार (लालू प्रसाद-राबड़ी देवी) की होने वाली बहू ऐश्वर्या की सियासत में दिलचस्पी नहीं है। उनका मन सामाजिक कार्यों में ज्यादा लगता है। पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम किया।
पिता चंद्रिका राय के मुताबिक ऐश्वर्या को स्विमिंग एवं रीडिंग का भी शौक है। ऐश्वर्या शुरू से ही पढऩे में होशियार रही हैं। पटना के मशहूर नोट्रेडम स्कूल से ऐश्वर्या राय को 12वीं में 89 फीसद नंबर आए थे। एमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स ऑफ सोशल वर्क्स की डिग्री ले रखी है। इसके पूर्व उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से इतिहास में बीए किया है।
राबड़ी ने अपने बड़े बेटे के लिए ऐश्वर्या को खुद पसंद किया है। तेज प्रताप और ऐश्वर्या की पहली मुलाकात फरवरी में हुई थी। राबड़ी देवी अपने दोनों पुत्रों के साथ ऐश्वर्या को देखने चंद्रिका राय के सरकारी आवास पर गई थीं। तब ऐश्वर्या से तेजप्रताप भी मिले थे। ऐश्वर्या के दादा दरोगा राय के लालू बेहद करीबी हुआ करते थे। बाद में चंद्रिका से भी अच्छे रिश्ते रहे।
2015 के चुनाव में राजद के टिकट पर विधायक बनाने के बाद लालू ने चंद्रिका को मंत्री भी बनवाया था। दोनों के सरकारी आवास भी आसपास थे। सर्कुलर रोड के 10 नंबर में लालू रहते हैं तो पांच नंबर में आवास में चंद्रिका। दोनों परिवारों का आना-जाना था। करीब दो महीने पहले से शादी की बात चल रही थी। जब लालू ने सहमति दी तो राबड़ी खुद मुंह दिखाई (लड़की देखने) का रस्म पूरा करने गई थीं। उनके साथ तेजप्रताप भी थे। राबड़ी ने मुंह दिखाई में बहू को तोहफे भी दिए। शादी बिना दहेज के पक्की हुई।
सगाई में होंगे 32 प्रकार के व्यंजन
ऐश्वर्या की मां पूर्णिमा राय पटना वीमेंस कालेज में सहायक प्राध्यापक हैं। पूर्णिमा और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय अपनी बड़ी बेटी की शादी को लेकर काफी उत्साहित हैं। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 18 अप्रैल को पटना के होटल मौर्या के अशोका हॉल में ङ्क्षरग सेरेमनी (सगाई) की रस्म है। इस दौरान दोनों तरफ के मेहमानों एवं परिवार के सदस्यों के लिए 32 प्रकार के व्यंजन की तैयारी है। 12 मई को वेटनरी कॉलेज के मैदान में शादी की तैयारी चल रही है। मैदान को बुक करा लिया गया है।