विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सेतु का हंड्रेड परसेंट क्रेड‍िट नीतीश को', प्रशांत किशोर ने BJP-RJD को सुनाई खरी-खरी; PM से पूछे तीन सवाल

Published: Sat, 21 Nov 2026 12:48 PM (GMT+05:30)

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने नीतीश सेतु का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया, यह कहते हुए कि इसका निर्माण उनके कार्यकाल में हुआ था।  

नीतीश सेतु के ल‍िए पीके ने की पूर्व सीएम की सराहना। फाइल

नीतीश सेतु के ल‍िए पीके ने की पूर्व सीएम की सराहना। फाइल

HighLights

  1. नीतीश सेतु का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को दिया।

  2. प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर प्रशांत किशोर ने सवाल उठाए।

  3. बिहार के पिछड़ेपन और भ्रष्टाचार पर जवाब मांगा।

ड‍िज‍िटल डेस्‍क, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर अब सियासत गरमा गई है।

जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने सेतु के निर्माण का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया है।

उन्होंने कहा कि इस पुल की परिकल्पना से लेकर इसकी कार्ययोजना और कॉन्ट्रैक्ट अवार्ड होने तक की प्रक्रिया 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरी हो चुकी थी।

उस समय न भाजपा की सरकार थी और न राजद की। यह पूरी तरह नीतीश कुमार की सोच और प्रयास का परिणाम है। ऐसे में उनके नाम पर सेतु बनने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उनका साधुवाद होना चाहिए। 

पुल का पूरा श्रेय नीतीश कुमार 

उन्होंने कहा कि इस सेतु का 100 प्रतिशत श्रेय सिर्फ और सिर्फ नीतीश कुमार को जाता है। उन्हीं के कार्यकाल में इस पुल की परिकल्पना हुई, डिजाइन बना और काम शुरू हुआ।

हालांकि, प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार जितनी चिंता और प्राथमिकता देनी चाहिए, उतनी नहीं मिल रही है।

चुनाव के समय तो प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, लेकिन चुनाव नहीं होने पर भी उन्हें राज्य के विकास पर उतना ही ध्यान देना चाहिए।

मोदी से बिहार के पिछड़ेपन पर मांगा जवाब

प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने 12 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देते हुए बताना चाहिए कि बिहार दूसरे राज्यों के मुकाबले लगातार पिछड़ क्यों रहा है।

प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी में योगदान और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में बिहार की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत का महज 33 प्रतिशत रह गई है।

आजादी के समय यह अनुपात करीब 70 प्रतिशत था और लालू प्रसाद के 15 वर्षों के शासन के बाद भी 40 प्रतिशत के आसपास था।

उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने तीन सवाल रखे। पहला, दूसरे राज्यों की तुलना में पिछड़ रहे बिहार की स्थिति कब सुधरेगी? दूसरा, वह दिन कब आएगा जब बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा? तीसरा, डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार को बाढ़ की विभीषिका से कब मुक्ति मिलेगी?

नीतीश के नाम पर सेतु, लेकिन पोस्टर से गायब चेहरा

नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर हो रही बयानबाजी पर प्रशांत किशोर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नाम पर ट्रेन चल सकती है तो नीतीश कुमार के नाम पर पुल बनने में क्या आपत्ति है।

हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नीतीश कुमार का इतना सम्मान है तो सरकारी कार्यक्रमों के पोस्टर और प्रचार में उनकी तस्वीर क्यों नहीं दिखाई देती?

उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू को धीरे-धीरे राजनीतिक रूप से भाजपा अपने नियंत्रण में ले रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि आज जदयू को अमित शाह चला रहे हैं।

विधानसभा-विधान परिषद की बहाली में भ्रष्टाचार का आरोप

विधानसभा और विधान परिषद में नियुक्तियों को लेकर उठे विवाद पर प्रशांत किशोर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले से सामने आ रही थीं।

अब कुछ नियुक्तियां रद होने के बाद मामला उजागर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार व्यवस्था की नस-नस में घुसा हुआ है और बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र में उन्हें जिन मुद्दों को उठाने का अवसर मिलेगा, उन सभी सवालों को मीडिया के सामने भी रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु के नामकरण पर कांग्रेस का सवाल- गुरु गोविन्द सिंह के नाम वाला प्रस्ताव कहां गया?

यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु का नाम किसने रखा? ललन सिंह ने किया खुलासा, बताया किसके आग्रह पर PM मोदी ने लिया फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।